कांग्रेस को आवंटित जमीन राम मंदिर ट्रस्ट को देने का दिग्विजय सिंह ने किया एलान
रामनवमी पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जिला कांग्रेस को आवंटित जमीन राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपने की बात कही है।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रामनवमी पर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में चौंकाने वाली घोषणा की है। उन्होंने जिला कांग्रेस को आवंटित जमीन राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपने की बात कही है।
दिग्विजय ने शनिवार दोपहर को भोपाल के हमीदिया रोड स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद जय श्रीराम के नारे लगाए और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस राम मंदिर निर्माण के लिए जमीन कांग्रेस शासनकाल में दी गई थी। ट्रस्ट ने यहां राम मंदिर बनाया। मंदिर के सामने जिला कांग्रेस कमेटी की जमीन है। रामनवमी के अवसर पर वह जमीन भी कांग्रेस पार्टी की ओर से हम आपके ट्रस्ट को सौंपना चाहते हैं।
छवि बदलने की कवायद
दिग्विजय को आंतकवादियों को 'जी' संबोधित करने, बाटला हाउस एनकाउंटर, एयर स्ट्राइक जैसे मामलों पर दिए बयानों को लेकर देशभर में विरोध का सामना करना पड़ा था। भाजपा उनके इस बयान को सामने रखकर उनकी हिंदू विरोधी छवि बनाने की कोशिश करती रही है।
राजनीतिक कारणों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों को लेकर भी उनके बयान काफी चर्चा में रहते हैं। ऐसे में शहर के राम मंदिर ट्रस्ट को जमीन देने की घोषणा को हिंदू वोटरों के बीच छवि सुधारने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
दिग्विजय के 'धर्मजाल' में नहीं आने वाली जनता
दिग्विजय की घोषणा के बाद भाजपा ने उन पर हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने रामलला के अस्तित्व को नकारा, उनके नेता दिग्विजय सिंह कितना ही प्रपंच कर लें, अब जनता उनके 'धर्मजाल' में नहीं आने वाली।