पर्यावरण-जलवायु परिवर्तन को लेकर ब्रिक्स देशों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए जावडेकर हुए रवाना
ब्राजील में पर्यावरण संरक्षण को लेकर होने वाली बैठक ब्रिक्स देशों के मंत्रियों के बीच होनी है जिसमें ब्राजील के साथ रूस भारत चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर मंगलवार को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन को लेकर ब्राजील में होने वाली ब्रिक्स और बेसिक देशों के मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के रवाना हो गए। हालांकि इससे पहले उन्होंने दुनिया के विकसित देशों को पेरिस समझौते के तहत किए गए अपने वादों को निभाने के लिए कहा। साथ ही कहा कि इस समझौते के तहत भारत ने जो जिम्मेदारी ली थी, वह उसे बखूबी निभा रहा है।
रवाना होने से पहले जावडेकर ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को सराहा और कहा कि जिस तरह से उन्होंने इसकी अगुवाई की है, उसके चलते दुनिया में भारत को लेकर भरोसा और बढ़ा है।
यही वजह है कि अब हम पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में दुनिया के दूसरे देशों से पीछे नहीं है, बल्कि अब हम अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर इसका नेतृत्व कर रहे है। खासबात यह है कि ब्राजील में होने वाली ब्रिक्स देशों की इस बैठक में रूस और चीन जैसे विकसित देश भी शामिल होंगे।
पेरिस समझौते की जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके तहत दुनिया के सभी विकसित देशों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए विकासशील देशों को वित्तीय और तकनीकी मदद देने का वादा किया था। जिसे विकसित देशों को निभाना चाहिए।
जलवायु परिवर्तन को लेकर विकसित देशों की ओर से किए गए इन वादों का मुद्दा भारत पहले भी कई वैश्विक मंच से उठा चुका है। वहीं ब्राजील में पर्यावरण संरक्षण को लेकर होने वाली बैठक में पहली बैठक ब्रिक्स देशों के मंत्रियों के बीच होनी है, जिसमें ब्राजील के साथ रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। जबकि दूसरी बैठक बेसिक देशों के बीच होनी है, जिसमें ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, भारत और चीन शामिल होंगे। यह चार देशों का एक नया संगठन है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप