राजनाथ सिंह से मिले एलजी अनिल बैजल, दिल्ली के हालात की दी जानकारी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से नौकरशाहों के मीटिंगों के बहिष्कार के कारण राज्य का काम प्रभावित होने का मुद्दा उठाया था और उनसे हस्तक्षेप की मांग की थी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में सीलिंग और केजरीवाल सरकार के साथ नौकरशाहों के टकराव के बीच उपराज्यपाल अनिल बैजल ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। बताया जाता है कि बैजल में गृहमंत्री को ताजा हालात की जानकारी दी। इसके पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और उपाध्यक्ष कुलजीत चहल भी राजनाथ सिंह के मुलाकात की।
राजनाथ सिंह के करीबी सूत्रों के मुताबिक, उपराज्यपाल ने मुख्य तौर पर दिल्ली में चल रही सीलिंग के मुद्दे पर बातचीत की। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण सीलिंग को सीधे पर रोक पाना सरकार के लिए मुश्किल हो रहा है। बैजल ने राजनाथ सिंह को बताया कि सरकार इस मामले में कोई रास्ता निकालने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में केजरीवाल सरकार और नौकरशाहों के बीच चल रहे टकराव के बारे में भी जानकारी दी। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक बातचीत हुई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से नौकरशाहों के मीटिंगों के बहिष्कार के कारण राज्य का काम प्रभावित होने का मुद्दा उठाया था और उनसे हस्तक्षेप की मांग की थी। उपराज्यपाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को हालात जल्द सुधरने का भरोसा दिया था।
बैजल के पहले शनिवार की सुबह मनोज तिवारी और कुलजीत चहल ने भी राजनाथ सिंह से मिलकर दिल्ली में चल रही सीलिंग का मुद्दा उठाया। भाजपा नेताओं का कहना था कि सीलिंग के कारण व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। सरकार को बीच का कोई रास्ता निकालना चाहिए, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना भी नहीं हो और जनता को परेशानी का सामना भी नहीं करना पड़े।