Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कर्नाटक में देश की सबसे भ्रष्ट भाजपा सरकार, चुनाव प्रचार में शामिल राहुल गांधी ने BJP पर बोला हमला

    By AgencyEdited By: Sonu Gupta
    Updated: Mon, 24 Apr 2023 12:41 AM (IST)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कामकाज के लिहाज से कर्नाटक की भाजपा सरकार देश की सबसे ज्यादा भ्रष्ट प्रदेश सरकार है। उन्होंने कहा कि समाज के सामने सत्य बोलना आसान नहीं होता है। इसके लिए तमाम चुनौतियों और धमकियों का सामना करना पड़ता है। फोटो- पीटीआई।

    Hero Image
    कर्नाटक में देश की सबसे भ्रष्ट भाजपा सरकार: राहुल गांधी

    बेंगलुरु, पीटीआई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य भाजपा नेता भाषणों में महाकवि बासवन्ना का उल्लेख तो करते हैं लेकिन उनके बताए सत्य के रास्ते पर नहीं चलते हैं। कामकाज के लिहाज से कर्नाटक की भाजपा सरकार देश की सबसे ज्यादा भ्रष्ट प्रदेश सरकार है। इस सरकार के मंत्री सरकारी ठेकों में 40 प्रतिशत तक कमीशन ले रहे हैं। यह बात कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कर्नाटक के दौरे में कही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    समाज के सामने सत्य बोलना आसान नहीं- राहुल

    महाकवि बासवन्ना (बासवेश्वरा) को कर्नाटक में प्रभावशाली लिंगायत समुदाय का संस्थापक माना जाता है। बासव जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में राहुल ने कहा, "समाज के सामने सत्य बोलना आसान नहीं होता है। इसके लिए तमाम चुनौतियों और धमकियों का सामना करना पड़ता है। बासवन्ना ने कभी सच्चाई का रास्ता नहीं छोड़ा। वह सामाजिक कुरीतियों का लगातार विरोध करते रहे। इसीलिए हम आज भी उनका सम्मान करते हैं।"

    कांग्रेस राज्य में 150 सीट जीतकर बनाएंगी सरकार

    कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, "बासवन्ना ने कहा था कि सत्य बोलने से डरो नहीं..वही कार्य देश में घूमकर कर रहा हूं, जबकि भाजपा और आरएसएस देश में घृणा और हिंसा का माहौल बना रहे हैं।" राहुल ने दावा किया कि दस मई के राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 224 में से 150 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

    बासवेश्वरा की जयंती पर राहुल गांधी ने समाधिस्थल पर जाकर उन्हें दी श्रद्धांजलि

    12 वीं सदी में कन्नड़ भाषा के महान कवि और समाज सुधारक बासवेश्वरा की जयंती पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने बागलकोट के कुदला संगमा में समाधिस्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इससे पहले वह दिल्ली से हुबली पहुंचे और वहां से हेलीकाप्टर से कुदला संगमा। वहां पर उन्होंने संगमानाथा मंदिर जाकर ऐक्या लिंगा के दर्शन किए। बासवन्ना के नाम से प्रसिद्ध कवि बासवेश्वरा को स्वजन्मा माना जाता है और वह लिंगायत समुदाय के संस्थापक थे।

    राज्य में करीब 17 प्रतिशत है लिंगायत समुदाय की आबादी

    बासवन्ना के समाधि स्थल पर राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। महाकवि बासवन्ना की समाधि पर राहुल गांधी का जाना कर्नाटक चुनाव को प्रभावित करने वाला कदम माना जा रहा है। कर्नाटक के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में प्रभावशाली लिंगायत समुदाय की आबादी करीब 17 प्रतिशत है और उसे भाजपा का वोट बैंक माना जाता है। बासव जयंती पर अपने दौरे में राहुल गांधी ने खुद को महाकवि के अनुसरणकर्ता के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की।

    comedy show banner
    comedy show banner