आंध्र प्रदेश में कांग्रेस अकेले लड़ेगी लोकसभा और विधानसभा चुनाव
कांग्रेस ने बुधवार को आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की है।
अमरावती, प्रेट्र। पड़ोसी तेलंगाना में तेदेपा के साथ चुनावपूर्व गठबंधन करने वाली कांग्रेस ने बुधवार को आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की है।
एआइसीसी महासचिव व केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने साफ किया कि आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ तेदेपा के साथ उनकी पार्टी का कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने कहा, 'राज्य की सभी 175 विधानसभा और 25 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। तेदेपा ने हमारे साथ केवल राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन किया है, जिसका राज्य से कोई लेनादेना नहीं है।'
पीसीसी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए चांडी ने यहां कहा कि 31 जनवरी को दोबारा बैठक होगी और उसमें चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एन रघुवीर रेड्डी ने कहा कि उन्होंने चुनावी गठबंधन का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आंध्र प्रदेश में कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
तेलंगाना में तेदेपा व दो अन्य पार्टियों के साथ चुनावपूर्व गठबंधन करने वाली कांग्रेस वहां हुए हालिया विधानसभा चुनाव में 21 से घटकर 19 सीटों पर आ गई थी, जबकि तेदेपा 15 के मुकाबले केवल दो सीट जीत सकी थी। तेलंगाना राष्ट्र समिति कुल 119 सीटों में से 88 सीटें जीती थी।