विदेशी चंदे पर घिरी कांग्रेस ने भाजपा से पूछा- उसे कितनी आर्थिक मदद मिली
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने नड्डा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वह देश को असली मुद्दे से गुमराह करने की कोशिश कर रहे है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा के तीखे हमलों से घिरी कांग्रेस ने शनिवार को भाजपा पर भी तीखा पलटवार किया है और कहा कि कांग्रेस पर उसके आरोप अर्धसत्य और चीन विवाद से ध्यान भटकाने वाले है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि क्या भाजपा और आरएसएस भी बताएगी, कि पिछले छह सालों में उन्होंने कोई विदेशी वित्तीय मदद या अनुदान लिया है? यदि लिया है, तो कितना लिया है, इसकी भी जानकारी दें। इस दौरान उन्होंने भाजपा से और भी कई सवाल पूछे हैं।
कांग्रेस ने कहा- भाजपा 15 साल पुराने मामले को क्यों उठा रही, इसका चीनी घुसपैठ से क्या लेना-देना
राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से मिले चंदे पर भाजपा की ओर से पिछले कई दिनों से कांग्रेस पर जबरदस्त हमले किए जा रहे है। इसका जवाब देने के लिए कांग्रेस ने भी अपने दिग्गजों को मैदान में उतारा है। इस बीच कांग्रेस ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार 15 साल पुराने मामले को 2020 में क्यों उठा रही है। इसका चीनी घुसपैठ से क्या लेना-देना है।
क्या रुपए के लौटा देने से वह चीन के घुसपैठ से अपनी जमीन खाली करा लेंगे- सुरजेवाला
क्या राजीव गांधी फाउंडेशन की ओर से चीन को 20 लाख रुपए के लौटा देने से वह चीन के घुसपैठ से अपनी जमीन खाली करा लेंगे।
भाजपा अध्यक्ष के आरोप चीन घुसपैठ से ध्यान भटकाने वाला: सुरजेवाला
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा चीन की घुसपैठ से लोगों को ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे है। उन्होंने इस दौरान भाजपा अध्यक्ष से कई सवाल भी पूछे, जिसमें चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के साथ भाजपा के संबंधों को लेकर भी सवाल किया और पूछा कि वह बताएं सीपीपी के साथ अब तक पार्टी की कितनी बैठकें हुई हैं और चर्चा हुई है?
सुरजेवाला ने नड्डा पर बोला हमला, कहा- वह देश को असली मुद्दे से गुमराह कर रहे हैं
उन्होंने इस दौरान नड्डा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वह देश को असली मुद्दे से गुमराह करने की कोशिश कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष को ऐसे समय में बेतुकी और गैरजरूरी बातों के बजाय देश की हिफाजत के लिए सेना के मनोबल को बढ़ाना चाहिए। यही असली देश प्रेम है।