सरकार बनी तो सबसे समृद्ध लोगों पर सेस लगाएगी कांग्रेस
प्रस्ताव में कहा गया है कि देश के सबसे अमीर एक फीसद लोगों की संपत्ति मोदी के कार्यकाल में 73 फीसद बढ़ी है।
नई दिल्ली (आइएएनएस)। कांग्रेस ने कहा है कि यदि उसकी सरकार बनी तो वह देश के समृद्धतम लोगों पर पांच फीसद सेस लगाएगी। शनिवार को पार्टी महाधिवेशन के पहले दिन कृषि, रोजगार और गरीबी उन्मूलन पर पारित प्रस्ताव में यह बात कही गई है।
इसमें कहा गया है कि इस सेस से राष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन फंड का गठन किया जाएगा। इस फंड से अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य गरीब परिवार के बच्चों को पढ़ने के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। पार्टी ने अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती खाई को मोदी सरकार की गरीब विरोधी नीतियों का नतीजा बताया है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि देश के सबसे अमीर एक फीसद लोगों की संपत्ति मोदी के कार्यकाल में 73 फीसद बढ़ी है। दूसरी तरफ देश की आधी आबादी, जो गरीबी में जी रही है, उसकी संपत्ति महज एक फीसद बढ़ी है। पार्टी ने मोदी सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप भी लगाया है।