देखें, जब राहुल गांधी ने दिया पीएम मोदी की स्टाइल में भाषण
मध्य प्रदेश में किसानों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश में किसानों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। पीएम मोदी की नकल करते हुए राहुल ने कहा कि पांच साल पहले मोदी कहते थे कि हमारी 56 इंच की छाती है। हम भ्रष्टाचार को मिटाएंगे और अब नरेंद्र मोदी कहते हैं हम कांग्रेस को मिटा देंगे....'अरे भइया हमारी मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बन गई और अब दिल्ली में बनने जा रही है'। राहुल गांधी जब पीएम मोदी की नकल उतार रहे थे लोग हंसने लगे।
मध्य प्रदेश के किसानों को दिया धन्यवाद
मध्य प्रदेश में सरकार बनने के बाद शुक्रवार को राहुल गांधी ने किसानों को धन्यवाद दिया। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो उनकी सरकार गरीब वर्ग के हर एक व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी देगी। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरित क्रांति, सफेद क्रांति, भोजन का अधिकार, कम्प्यूटर लाई। उधर, मोदीजी किसानों को 17 रुपए प्रतिदिन देने की घोषणा पर खुद की तारीफ कर रहे हैं।
#WATCH Bhopal, Madhya Pradesh: Congress President Rahul Gandhi mimics PM Narendra Modi. pic.twitter.com/hRXStKreRx— ANI (@ANI) February 8, 2019
शिवराज सिंह चौहान पर साधा निशाना
पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए राहुल ने कहा कि मध्यप्रदेश में 15 साल सिर्फ अधिकारियों के बल पर राज चला है। लेकिन हम जनता की सरकार चलाएंगे। उन्होंने कहा कि आपकी शक्ति ने कांग्रेस को चुनाव जिताया और आपकी शक्ति ने आपका कर्ज माफ किया। राहुल ने कहा कि हमने आपकी शक्ति को जोड़ने का, आपकी आवाज को सुनने का काम किया। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री को इस बात को नहीं भूलना चाहिए और वे भूले तो नया सीएम आएगा।