विधानसभा चुनाव: राहुल गांधी ने जारी किया कांग्रेस का घोषणापत्र, कहा- ये कर्नाटक की जनता की आवाज
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है।
मैंगलोर (एएनआई)। कर्नाटक चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया व कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। राहुल गांधी ने कहा, 'घोषणापत्र में जो भी कहा गया है पूरा किया जाएगा, पिछली बार के घोषणापत्र में जो भी वादे किए गए थे उसके 95 फीसद वादे पूरे किए जा चुके हैं।'
बता दें कि राहुल कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राज्य स्तरीय घोषणापत्र के बाद यानी 28 अप्रैल को कांग्रेस पार्टी क्षेत्रवार घोषणापत्र जारी करेगी। इसमें बंगलुरु, बेलगांव, गुलबर्गा और मैसूर के लिए पार्टी का अलग-अलग एजेंडा होगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह घोषणापत्र जनता से राय लेकर बनाया गया है। इस दौरान राहुल गांधी बोले, 'यह घोषणापत्र बंद कमरे से नहीं बनाया गया है, बल्कि सूबे के लोगों से पूछकर तैयार किया गया है। हमने जनता को यह नहीं कहा कि हम क्या करेंगे, हमने उनसे पूछा कि आप क्या चाहते हैं।' इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एक बार फिर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी अपने मन की बात करते हैं, लेकिन हमारे घोषणापत्र में कर्नाटक की जनता के मन की बात है।' राहुल ने आगे कहा, आप देखेंगे कि भाजपा का घोषणापत्र 3-4 लोग मिलकर बनाते हैं। भाजपा का घोषणापत्र, आरएसएस का घोषणापत्र होता है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष पिछले कुछ महीनों में कर्नाटक का छह बार दौरा कर चुके हैं. कर्नाटक में सभी 224 सीटों के लिए 12 मई को मतदान होगा और 15 मई को मतगणना होगी।