कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने के लिए राहुल गांधी ने केंद्र से मांगी विशेष अनुमति
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने के लिए केंद्र सरकार से विशेष अनुमति मांगी है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने के लिए केंद्र सरकार से विशेष अनुमति मांगी है। दरअसल, राहुल ने तीर्थयात्रा के लिए पंजीकरण की तारीख खत्म होने के बाद मानसरोवर जाने की घोषणा की थी। नियमों के अनुसार जिन तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया होगा, केवल उन्हें ही पवित्र मानसरोवर यात्रा पर जाने की अनुमति होती है।
MP, MLA को विशेष परमिट
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और राजनयिकों को मानसरोवर यात्रा पर जाने के लिए विशेष परमिट जारी करती है। इसी के चलते राहुल गांधी ने यात्रा पर जाने के लिए केंद्र के समक्ष याचिका दी है।
राहुल की मन्नत, मानसरोवर जाने की इच्छा
बता दें कि कर्नाटक चुनाव के दौरान कथित हेलीकॉप्टर दुर्घटना होते-होते बचने के बाद राहुल गांधी ने कैलाश मानसरोवर जाने का एलान किया था। उन्होंने 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में मानसरोवर यात्रा पर जाने की इच्छा जताई थी। 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा में राहुल गांधी ने कहा था कि जब हेलीकॉप्टर में खराबी आई तो उनके मन में कैलाश मानसरोवर यात्रा का ख्याल आया। पिछले दिनों जब राहुल गांधी कर्नाटक में चुनाव प्रचार कर रहे थे तो हुबली जाते समय उनका हेलीकॉप्टर खराब हो गया था, हालांकि हेलीकॉप्टर को सुरक्षित लैंड करा लिया गया था।
12 जून से शुरू हुई यात्रा
बता दें कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए आवेदन मार्च-अप्रैल में ही करना पड़ता है और उसका ड्रॉ मई में निकलता है। मानसरोवर यात्रा धारचूला से 12 जून से शुरू हुई है और हर चार दिन पर एक जत्था यात्रा के लिए रवाना होता है। 19 अगस्त को यात्रा खत्म हो रही है। इस बार यात्रा पर कुल 18 जत्थे गए हैं।