राहुल पर केंद्रीय मंत्री रिजिजू का पलटवार, कश्मीर समस्या के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
कश्मीर के मौजूदा हालात के लिए राहुल ने पीडीपी-भाजपा गठबंधन को जिम्मेवार बताया था।
नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने बुधवार को कश्मीर के मुश्किल हालात का जिम्मेवार कांग्रेस और पूरे गांधी परिवार को बताते हुए राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया है। जम्मू-कश्मीर में गठबंधन सरकार के टूटने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा जिसके बाद केंद्रीय मंत्री का यह ट्वीट सामने आया है।
कश्मीर की बर्बादी का जिम्मेवार है कांग्रेस
रिजिजू ने ट्वीट कर कहा, ‘सरदार पटेल जी ने सभी क्षेत्रों का हल किया। नेहरु जी ने कश्मीर का चार्ज लिया और मुश्किल में डाल दिया। हजारों लोग मारे गए, कश्मीरी पंडितों काटा गया और तो और 1,60,000 को बेघर होने के लिए जबरन मजबूर किया गया। आपके परिवार और पार्टी ने कश्मीर का तहस-नहस कर डाला और इसके लिए आप भाजपा के सिर आरोप मढ़ रहे हैं।
राज्यपाल शासन से नुकसान: राहुल
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा-पीडीपी के अवसरवादी गठबंधन ने जम्मू-कश्मीर को आग में झोंक दिया है। राहुल ने कहा कि राज्य में हमारे बहादुर सैनिकों के अलावा कई लोगों की जान गई। उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के दौरान की गई बरसों की मेहनत पर पानी फेर दिया गया। राज्यपाल शासन के जरिए इस नुकसान को जारी रखा जा रहा है। राहुल ने कहा कि अक्षमता, अहंकार और घृणा हमेशा विफल होते हैं।
राष्ट्रपति कोविंद ने दी राज्यपाल शासन की मंजूरी
कश्मीर में महबूबा मुफ्ती सरकार गिरने के बाद बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्य में राज्यपाल शासन को मंजूरी दे दी है। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्य सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था, जिसके बाद महबूबा मुफ्ती ने अपना इस्तीफा राज्यपाल एनएन वोहरा को सौंप दिया था। महबूबा मुफ्ती के इस्तीफे के बाद उमर अब्दुल्ला ने भी राज्यपाल से मुलाकात की थी। जम्मू-कश्मीर में नई सरकार बनने की कोई स्थिति दिखाई नहीं दे रही थी। इसी के साथ राज्यपाल ने राष्ट्रपति को राज्यपाल शासन लगाने की सिफारिश भेजी थी।
नहीं चलेगी डर की नीति: महबूबा
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर में डर की नीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां अलग-अलग विचारधारा को मानती हैं, लेकिन फिर भी सत्ता के लिए नहीं बल्कि बड़े विजन को साथ लेकर हमने भाजपा के साथ गठबंधन किया था। महबूबा ने कहा कि सरकार के जरिये वह कश्मीर में अपना एजेंडा लागू करवाने में सफल रही हैं।