कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास ने भाजपा सांसद पर लगाया गंभीर आरोप, स्पीकर से की शिकायत
कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर भाजपा सांसद पर गंभीर आरोप लगाया है।
नई दिल्ली, एएनआई। कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर भाजपा सांसद पर गंभीर आरोप लगाया है। राम्या ने स्पीकर को लिखे पत्र में कहा कि लोकसभा में भाजपा सांसद जसकौर मीणा ने उन शारीरिक हमला किया।
इस मामले में भाजपा सांसद जसकौर मीणा ने ने कहा कि कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास के आरोप झूठे हैं। जैसे ही उसने लोकसभा में बैनर खोला, उससे मेरे सिर पर चोट लग गई। मैंने उसे आगे बढ़ने के लिए कहा। मैंने उसे मारा या धक्का नहीं दिया। यदि वह 'दलित' शब्द का उपयोग कर रही है, तो मैं भी एक दलित महिला हूं।
बता दें कि लोकसभा में कांग्रेस और भाजपा के सांसदों में धक्कामुक्की देखने को मिली। ये भिड़ंत तब हुई जब कांग्रेस सांसद गृह मंत्री इस्तीफा दो के बैनर के साथ ट्रेजरी बेंच तक जाने की कोशिश कर रहे थे। भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी और कुछ और भाजपा सांसदों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
गौरतलब है कि लोकसभा में दिल्ली हिंसा पर हंगामा होने से पहले ही अध्यक्ष ने कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। इससे पहले लोकसभा में बिहार के जेडीयू सांसद बैद्यनाथ महतो के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। फिर जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई संगरूर से आप सांसद भगवंत मान वेल की तरफ बढ़े। इसी दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी कुछ बोलना शुरू किया। हंगामे की आशंका को देखते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल ने लोकसभा में इस मुद्दे पर चर्चा को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया था। बता दें कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली दंगों पर गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांगा था। कई अन्य विपक्षी दलों ने भी शाह को हिंसा मामले में घेरा था।