सूर्य नमस्कार के दौरान बिगड़ी कांग्रेस नेता की तबीयत, निधन
सूर्य नमस्कार में शामिल हुए कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सक्सेना का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
छिंदवाड़ा, नईदुनिया। शहर के ओलंपिक स्टेडियम में शनिवार को जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार में शामिल हुए कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सक्सेना (66) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सुबह वे स्टेडियम में विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सूर्य नमस्कार कर रहे थे। सुबह करीब 9 बजे तबीयत बिगड़ती महसूस होने पर उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी से कहा कि रात से ही कफ बहुत परेशान कर रहा है। मैं घर जा रहा हूं।
बीच में सूर्य नमस्कार छोड़कर उन्होंने पानी भी पिया। इसके बाद वो चप्पल पहने बिना घर के लिए रवाना हो गए। वहां तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां करीब साढ़े नौ बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया है।
दिल का दौरा पड़ा। प्रदीप सक्सेना को बीपी और शुगर की समस्या थी। ईसीजी रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है। -डॉ. दिनेश ठाकुर, मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा