प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम बोले, पूरी तरह से अवैध और शर्मनाक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा कि यह पूरी तरह से अवैध और शर्मनाक है। उन्हें एक पुरुष पुलिस अधिकारी ने सूर्योदय से पहले सुबह साढ़े चार बजे गिरफ्तार किया। उन्हें अभी तक न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास नहीं ले जाया गया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा कि यह पूरी तरह से अवैध और पूरी तरह से शर्मनाक है। उन्हें एक पुरुष पुलिस अधिकारी ने सूर्योदय से पहले सुबह साढ़े चार बजे गिरफ्तार किया। उन्हें अभी तक न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास नहीं ले जाया गया है।
यूपी में संवैधानिक अधिकारों का घोर उल्लंघन
योगी सरकार की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि कानून के कई प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का एक अलग मतलब है। कानून का मतलब है आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था। व्यवस्था का मतलब है आदित्यनाथ का आदेश। यह उनके संवैधानिक अधिकारों का घोर उल्लंघन है। सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा भारत को गैर आजाद देश बना रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और 11 अन्य के खिलाफ राज्य में 'शांति भंग' करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।
हरगांव थाने के एसएचओ बृजेश त्रिपाठी के मुताबिक, प्रियंका गांधी वाड्रा, देवेंद्र हुड्डा और अजय कुमार लल्लू समेत 11 के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 107/16 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले दिन में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया था कि उन्हें पिछले 28 घंटों से बिना किसी आदेश या प्राथमिकी के हिरासत में लिया गया है। रविवार को लखीमपुर खीरी कांड में आठ लोगों की मौत हो गई।
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने रविवार को इस घटना के संबंध में एक बयान जारी कर चार किसानों की मौत का दावा किया था और आरोप लगाया था कि चार किसानों में से एक की केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि अन्य को गाड़ी से रौंद दिया गया।
इस बीच, एसकेएम के आरोपों का खंडन करते हुए राज्य मंत्री टेनी ने कहा कि उनका बेटा मौके पर मौजूद नहीं था। कुछ बदमाश विरोध कर रहे किसानों के साथ मिल गए और कार पर पथराव किया, जिससे 'दुर्भाग्यपूर्ण घटना' हुई। हम प्रत्येक जांच एजेंसी का सामना करने के लिए तैयार हैं। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। जो लोग दोषी होंगे, जिन्होंने साजिश रची है उन्हें किसी स्तर पर छोड़ा नहीं जाएगा।
लखनऊ हवाई अड्डे पर धरने पर बैठे भूपेश बघेल
यूपी पुलिस द्वारा रोके जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लखनऊ हवाई अड्डे पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि यहां आया था कि पीसीसी जाउंगा, नेताओं से मिलूंगा, सीतापुर जाकर प्रियंका जी से मिलकर वापस चला जाता। ये लोग तो यहीं जाने नहीं दे रहे हैं इसलिए मैं यहीं बैठ गया।