कांग्रेस ने गिनाई संप्रग कार्यकाल की 6 सर्जिकल स्ट्राइक, सैन्य अभियानों का नहीं लिया राजनीतिक लाभ
कांग्रेस ने मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित कराने का स्वयं श्रेय लेने पर मोदी सरकार पर प्रहार किया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस ने संप्रग सरकार के दौरान की गई छह सर्जिकल स्ट्राइक की एक सूची जारी की है। पार्टी ने दावा किया है कि उसने सैन्य अभियानों से राजनीतिक लाभ लेने की कभी कोशिश नहीं की। पार्टी ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में यह सूची जारी की है।
कांग्रेस प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने कहा कि संप्रग सरकार ने छह सर्जिकल स्ट्राइक की थी। पुंछ के भट्टल सेक्टर में (19 जून, 2008), केल में शारदा सेक्टर, नीलम नदी घाटी के पार (30 अगस्त-एक सितंबर, 2011), सावन पात्रा चेकपोस्ट (छह जनवरी, 2013), नाजपीर सेक्टर (27-28 जुलाई, 2013), नीलम घाटी (छह अगस्त, 2013) और एक सर्जिकल स्ट्राइक 23 दिसंबर, 2013 को की गई थी।
शुक्ला ने भाजपा के नेतृत्व वाली अटल बिहारी वाजपेयी की पिछली राजग सरकार के तहत की गई दो सर्जिकल स्ट्राइक की भी सूची जारी की। ये सर्जिकल स्ट्राइक नादला एन्क्लेव, नीलम नदी के पार (21 जनवरी, 2000) और पुंछ में बरोह सेक्टर (18 सितंबर, 2003) हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' को दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि यूपीए सरकार के दौरान कई सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी जिसके बाद दोनों पार्टियों के बीच जबानी जंग छिड़ गई थी। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि मनमोहन सिंह सरकार ने 2008 में मुंबई आतंकवादी हमले के बाद आतंकवादियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी।
शुक्ला ने कहा कि मनमोहन सिंह और वाजपेयी दोनों ने कभी भी स्ट्राइक के बारे में बात नहीं की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी सैन्य अभियानों से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास नहीं किया।
अजहर मामले का श्रेय लेना बंद करे भाजपा : कांग्रेस
कांग्रेस ने मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित कराने का स्वयं श्रेय लेने पर मोदी सरकार पर प्रहार किया। मोदी सरकार से विपक्षी पार्टी ने पाकिस्तान के इस दावे का जवाब देने को कहा कि कश्मीर और पुलवामा प्रकरण को जैश ए मुहम्मद प्रमुख को प्रतिबंध सूची में डालने की प्रक्रिया से अलग कर दिया गया। कांग्रेस ने पाकिस्तान के इस दावे की निंदा की कि वह अजहर पर प्रतिबंध के प्रस्ताव पर तभी राजी हुआ है जबकि पुलवामा हमले के साथ उसे (अजहर को) जोड़ने की कोशिश समेत सभी 'राजनीतिक संदभरें' को इस प्रस्ताव से हटा दिया गया। कांग्रेस ने कहा कि यह गंभीर मामला है और पाकिस्तान की इस शरारत का जवाब दिया जाना चाहिए।