'कांग्रेस को हजम नहीं होता भारत का सम्मान', Rahul Gandhi के बयान पर Anurag Thakur का पलटवार
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की हर विदेश यात्रा में भारत का अपमान हो ही जाता है। ठाकुर ने कहा कि राहुल जब बाहर गए है तब उन्होंने देश के ऊपर प्रश्न चिन्ह खड़े किए।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। पहले की तरह एक बार फिर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा विदेश में दिए गए बयानों ने भारत में राजनीतिक ताप बढ़ा दिया है। वर्तमान भाजपा सरकार पर अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न का आरोप लगाने के लिए बुधवार को अमेरिका में कांग्रेस नेता ने जिस तरह 80 के दशक में दलितों की स्थिति का उदाहरण जोड़ा, उसे लपक कर भाजपा ने उन्हीं पर करारा पलटवार कर दिया है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि राहुल विदेश में खुद ही स्वीकार कर रहे हैं कि 80 के दशक में जब कांग्रेस का शासन था, तब दलितों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होता था। अमेरिका में कार्यक्रम के दौरान राहुल यह बोल गए थे कि जो खतरा आज अल्पसंख्यक महसूस कर रहे हैं वह 80 के दशक में उत्तर प्रदेश और देश में दलित और अल्पसंख्यक महसूस कर रहे थे।
हर विदेश यात्रा में राहुल करते है भारत का अपमान: अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस कालखंड की बात राहुल करते हैं कि उस वक्त तो देश और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ही थी। राहुल मान रहे कि कांग्रेस के शासनकाल में क्या हुआ करता था। वहीं, मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की हर विदेश यात्रा में भारत का अपमान हो ही जाता है। इस बार की प्रायोजित यह विदेश यात्रा भी उसी दिशा में है। जहां वह अपमान तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का करना चाहते हैं, लेकिन अंत में देश का अपमान करने से पीछे नहीं हटते।
अनुराग ठाकुर ने कहा,
राहुल भारत को एक राष्ट्र ही नहीं मानते, वह तो इसे राज्यों का एक संघ कहते हैं। भारत के बढ़ते कदमों पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हैं। आखिरकार राहुल गांधी विदेश में जाकर क्या पाना चाहते हैं? क्या देश के ऊपर कीचड़ उछालना ही उनका एक काम रह गया है?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब-जब राहुल बाहर गए, तब-तब उन्होंने देश और देशवासियों के ऊपर प्रश्न चिन्ह खड़े किए। एक तरफ मोदी की छह दिन की विदेश यात्रा में दो दर्जन देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ उनकी भेंट होती है, जहां कलाकार, साहित्यकार और उद्योगपतियों से लेकर खिलाड़ी उनसे मिलते हैं।
भारत के बढ़ते कदमों की चर्चा दुनिया करती है और भारत में एक भविष्य देखती है। बार-बार सर्वे में यह पाया जाता है कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। आस्ट्रेलिया के पीएम कहते हैं कि मोदी इज द बॉस, लेकिन राहुल को यह बात भी हजम नहीं हुई। इटली की प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और किसी देश के पीएम उनका पैर छूकर अभिवादन करते हैं, जो शायद 75 वर्ष में कभी नहीं हुआ।