मास्क, वेंटिलेटर के निर्यात पर कांग्रेस हमलावर, कहा जब देश में बढ़ने लगे कोरोना वायरस के मामले तो तब लगाई रोक
130 करोड़ की आबादी के लिए केवल 30000 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं लगभग 95 फीसद वेंटिलेटर पहले से ही अन्य बीमारियों से पीड़ित रोगियों के लिए उपयोग में हैं।
नई दिल्ली, आइएएनएस। देश में कोरोना वायरस में बढ़ते मामलों के बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला।पार्टी ने कहा कि सरकार ने सही रेट की तुलना से कई गुुना ज्यादा महंगे मास्क और वेंटिलेटर निर्यात किए, वो भी 19 मार्च तक। मुख्य कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसे आपराधिक साजिश बताया। उन्होंने ट्वीट किया, प्रधान मंत्री जी, यह एक नमाफी अपराध व षड्यंत्र है। WHO यह कह रहा था कि - 1. वेंटिलेटर, 2. सर्जिकल मास्क/फ़ेस मास्क, 3. मास्क/गाउन बनाने वाले सामान का भंडारण करो। आप 19 मार्च तक (10 गुना कीमत पर) इनके निर्यात की इजाज़त दे रहे थे जबकि AIIMS तक में ये उपलब्ध नही। उन्होंने इसे लेकर सरकार से सवाल पूछा।
सुरजेवाला ने पूछा, जब देश को ऐसी वस्तुओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है तो इसकी अनुमति क्यों दी गई।पार्टी ने 19 मार्च को विदेश व्यापार महानिदेशक द्वारा जारी अधिसूचना भी साझा की।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने 19 मार्च को ही इसे तब बंद कर किया, जब COVID-19 से सकारात्मक मामले बढ़ने लगे।
कांग्रेस ने रविवार को मांग की थी कि एन 95 मास्क, दस्ताने, फेस कवर, चश्मे, हेड कवर, रबर के जूते और डिस्पोजेबल गाउन जैसे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाने के लिए उपलब्ध कराए जाएं।
सुरजेवाला ने कहा था, हमें डॉक्टरों, नर्सों और सहायक कर्मचारियों पर गर्व है। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान जोखिम में डालने वालों को विशेष वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। सरकार को इसकी तुरंत घोषणा करनी चाहिए।उन्होंने कहा था कि 130 करोड़ की आबादी के लिए केवल 30,000 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं, उन्होंने कहा कि इसे कोरोना वायरस रोगियों के लिए पर्याप्त संख्या में व्यवस्थित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगभग 95 फीसद वेंटिलेटर पहले से ही अन्य बीमारियों से पीड़ित रोगियों के लिए उपयोग में हैं।