हरियाणा में लोकसभा संग विधानसभा चुनाव कराए जाने पर इनेलो-कांग्रेस एकमत
प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल इनेलो-कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि भाजपा हार के डर से विधानसभा का चुनाव लोकसभा के साथ कराएगी।
नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर भारतीय विधि आयोग द्वारा छह व सात जुलाई को नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने के बाद हरियाणा में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराया जाना चर्चा का केंद्र बन गया है।
प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल इनेलो-कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि भाजपा हार के डर से विधानसभा का चुनाव लोकसभा के साथ कराएगी। इसके लिए भाजपा तैयारी कर रही है तो कांग्रेस व इनेलो-बसपा गठबंधन के कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार हैं।
हालांकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनवरी में मुंबई में आयोजित एक सेमिनार में एक राष्ट्र-एक चुनाव समर्थन किया था, लेकिन इसके बाद वह व भाजपा नेता यही कह रहे हैं कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव समय पर ही होंगे।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने तो मंगलवार को भी नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव तय समय पर ही होंगे। वैसे उन्होंने यह भी कहा कि यदि एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर आम सहमति बनती है तो प्रदेश भाजपा भी एक साथ चुनाव के लिए तैयार है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को चुनाव खर्च के बोझ से निकालना चाहते हैं।
जिस तरह सीमा पर सेना के जवान लड़ाई पूरी होने तक अपने बैरक में नहीं जाते, उसी तरह इनेलो के कार्यकर्ता जनभावनाओं के अनुरूप सरकार बनने से पहले आंदोलन से पीछे नहीं हटते। इनेलो के जेल भरो आंदोलनों में एकत्र भीड़ यह साबित कर रही है कि राज्य में भाजपा जनादेश खो चुकी है। भाजपा अब बौखलाहट में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराएगी और इनेलो कार्यकर्ता इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। सरकार चाहे तो आज चुनाव करा ले, प्रदेश में बदलाव निश्चित है।
-अभय सिंह चौटाला, नेता प्रतिपक्ष,हरियाणा
हमने पिछले सप्ताह ही चंडीगढ़ में कार्यकर्ताओं के समक्ष यह बात स्पष्ट कर दी थी कि राज्य में लोकसभा के साथ ही विधानसभा के चुनाव होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं राज्य की जनता चुनाव के लिए उत्साहित है। सभी चाहते हैं कि राज्य में शीघ्र चुनाव हों और भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जाए। राज्य की जनता कांग्रेस के हाथों में शासन का दायित्व देना चाहती है।
-डॉ.अशोक तंवर, अध्यक्ष, हरियाणा कांग्रेस