Move to Jagran APP

सीएम मनोहर ने हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर मोदी-शाह से कही मन की बात

भाजपा हाईकमान हरियाणा हो या हिमाचल सहित वे अन्य प्रदेश जहां नए अध्यक्ष बनाए जाने हैं वहां अगले सप्ताह में अध्यक्ष की घोषणा कर देगा।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Fri, 10 Jul 2020 09:31 PM (IST)Updated: Fri, 10 Jul 2020 11:09 PM (IST)
सीएम मनोहर ने हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर मोदी-शाह से कही मन की बात
सीएम मनोहर ने हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर मोदी-शाह से कही मन की बात

बिजेंद्र बंसल, नई दिल्ली। हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर दिल्ली और हरियाणा के नेताओं के बीच समन्वय बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल बृहस्पतिवार ही दिल्ली पहुंच गए थे। दिन में सरकारी कामकाज निपटाने के बाद शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपनी पसंद के दो नाम बता दिए थे। इन दोनों नामों में से एक पर मुहर लगवाने के लिए मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह ठीक 10 बजे प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। यहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीब एक घंटे राज्य की राजनीति पर चर्चा हुई। मोदी से मिलकर निकले मुख्यमंत्री के मुखमंडल पर प्रसन्नता के भाव रहे। हालांकि वे दिल्ली से रोहतक में बरोदा उपचुनाव के लिए बुलाई बैठक में हिस्सा लेने चले गए थे। इसी बीच खबर आई कि मुख्यमंत्री शाम को गृहमंत्री अमित शाह से मिलने वापस दिल्ली आएंगे।

loksabha election banner

सुबह मोदी से मिले तो शाम को शाह से मिलने रोहतक से वापस आए मुख्यमंत्री

शाम को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और प्रधानमंत्री के दिशानिर्देशानुसार प्रदेश अध्यक्ष पद पर अपनी पसंद के नेताओं का नाम दे दिया। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की पसंद के नेताओं में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश भजपा महामंत्री संदीप जोशी,विधायक महीपाल ढांडा का नाम है। मुख्यमंत्री द्वारा मोदी-शाह से अपने मन की बात कहने के बाद अब कभी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हरियाणा राजनीति से पूरे दिन गरम रही दिल्ली

मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश अध्यक्ष पद पर नाम सुझाने के लिए 24 जून को भी दिल्ली आए थे और तब उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की थी। तब यह कहा गया था कि अगले एक सप्ताह के अंदर प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी। हालांकि इसके बाद जब दिल्ली और हरियाणा के नेताओं के बीच अध्यक्ष पद को लेकर कोई सहमति नहीं बनी तो मुख्यमंत्री मोदी-शाह के दरबार में पहुंचे। पार्टी संगठन का काम देख रहे दिल्ली के नेता चाहते रहे हैं कि हरियाणा में भाजपा का नया अध्यक्ष राज्य सरकार की छाया से अलग केवल संगठन की मजबूती का काम करे। जबकि हरियाणा में सक्रिय नेता चाहते हैं कि नया अध्यक्ष ऐसा हो जिसमें सरकार और संगठन के बीच समन्वय रखने की काबलियत हो। इसी के चलते केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के नाम पर गंभीरता से विचार हुआ। बरोदा उपचुनाव के मद्देनजर यदि जाट या ब्राह्मण को अध्यक्ष बनाया गया तो गुर्जर के अलावा भी कोई अध्यक्ष हो सकता है।

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा होगी अगले सप्ताह

इतना जरूर है कि भाजपा हाईकमान हरियाणा हो या हिमाचल सहित वे अन्य प्रदेश जहां नए अध्यक्ष बनाए जाने हैं, वहां अगले सप्ताह में अध्यक्ष की घोषणा कर देगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.