नई दिल्ली, पीटीआई। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी से कथित तौर पर यौन उत्पीड़न से पीड़ित महिलाएं मिली है, तो उन्हें इस मामले में नाम देना चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर राहुल गांधी कथित यौन उत्पीड़न की पीड़ित महिलाओं के नाम नहीं बताएंगे तो उन्हें न्याय कैसे मिलेगा।"

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिया था बयान

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि अगर वह आतंकवादियों से मिले हैं तो क्या उन्हें इस बारे में पुलिस को सूचित नहीं करना चाहिए। मालूम हो कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा था कि मैंने सुना है कि आज के समय में भी यौन उत्पीड़न किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा, " मैंने एक लड़की से बातचीत की, जिसके साथ दुष्कर्म हुआ था। मैंने पूछा कि क्या इस मामले में पुलिस से शिकायत नहीं की जानी चाहिए, जिसपर लड़की ने कहा कि पुलिस को मत बुलाओ, मुझे शर्म आएगी।"

हिंडनबर्ग मामले में शीर्ष अदालत को ही करने दें फैसला

बिस्वा ने कहा कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बारे में राहुल गांधी क्यों बोल रहे हैं। इस बारे में शीर्ष अदालत को ही फैसला करने दें। उन्होंने कहा कि विदेश की धरती पर भारत को बदनाम करने के लिए उन्हें संसद में माफी मांगनी चाहिए।

पीएम मोदी करते हैं भारत की तारीफ

इससे पहले भी उन्होंने कर्नाटक में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि राहुल गांधी ने अपनी लंदन यात्रा के दौरान अपनी टिप्पणी से विदेशी धरती पर भारतीय संसद का अपमान किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के किसी भी देश में जाते हैं तो वह अपनी मातृभूमि की तारीफ करते हैं।

Edited By: Sonu Gupta