Mumbai Rains: एक्शन में सीएम एकनाथ शिंदे, मुंबई में जारी भारी बारिश के बीच आपदा प्रबंधन कक्ष पहुंचकर स्थिति का लिया जायजा
Heavy Rains In Mumbai मुंबई में भारी बारिश के कारण लोग बुरी तरह परेशान हैं। शहर के कई मुख्य मार्गो पर पानी भर गया है जिससे आवागमन में खासी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी आपदा प्रबंधन कक्ष का दौरा किया।
मुंबई, एएनआइ। सोमवार को भारी मतों से फ्लोर टेस्ट पास करने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पूरे एक्शन में नजर आ रहे हैं। फ्लोर टेस्ट पास करने के बाद सीएम शिंदे ने ताबड़तोड़ फैसले ले हैं। मंगलवार को मुंबई की भारी बारिश के बीच, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी आपदा प्रबंधन कक्ष का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने वहां पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। बता दें कि मुंबई में मानसून के आगमन के साथ ही भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, जिसने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
#WATCH | Mumbai: Maharashtra CM Eknath Shinde visits BMC Disaster Management Room and takes a stock of the situation following heavy rainfall here. pic.twitter.com/hfDvuGyXqJ
— ANI (@ANI) July 5, 2022
मुंबई में भारी बारिश लोग परेशान-
मुंबई में भारी बारिश के बीच जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मानसून के आगमन से भले ही एक तरफ जहां तपती गर्मी से राहत मिली है। वहीं दूसरी तरफ भारी बारिश से सड़को पर भरे पानी के कारण लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिसके साथ ही शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या शुरू हो गई। बता दें कि मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक के लिए मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को भी एहतियात के तौर पर शहर में तैनात किए जाने की सूचना है। आपको मालूम हो कि मुंबई में हर साल मानसून के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। भीषण बारिश के कारण लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया निर्देश-
मुंबई में पिछले 12 घंटों में 95.81 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसे देखते हुए सीएम एकनाथ एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निगरानी रखने और एनडीआरएफ के दस्तों को तैयार रखने का निर्देश दिया है। वहीं दूसरी तरफ भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी तट पर कई क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी शामिल हैं। IMD ने अपने 5 दिनों के पूर्वानुमान में शुक्रवार तक मुंबई और ठाणे में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।