सीएम ने श्रमिक से पूछा, यहां काम मिले तो करोगे, प्रवासी बोला हां, और कहा- तब गुजरात नहीं जाएंगे
मुख्यमंत्री ने दानीराम के बच्चों पायल और हुमेंद्र से सहजता के साथ छत्तीसगढ़ी में बात की। पायल ने बताया कि वह पहली कक्षा में पढ़ती है।
धमतरी, स्टेट ब्यूरो। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल क्वारंटाइन सेंटरों में ठहरे प्रवासियों और उन्हें वहां मिल रही सुविधाओं की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने स्काइप तकनीक के जरिए जिले की ग्राम पंचायत देवरी के क्वारंटाइन सेंटर में ठहरे दानीराम (31) और उनके परिवार के सदस्यों से चर्चा की। उनका हाल जाना।
मुख्यमंत्री बघेल ने देवरी के क्वारंटाइन सेंटर में ठहरे प्रवासी श्रमिकों का लिया हालचाल
मुख्यमंत्री को जैसे ही पता चला कि दानीराम गुजरात में सर्जिकल कॉटन बनाने का काम करते हैं, उन्होंने पूछा- क्या यह काम उन्हें यहीं मिल जाए तो वे गुजरात जाना चाहेंगे? दानीराम भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि ऐसे में भला वो गुजरात क्यों जाएंगे। वे मुख्यमंत्री की इस कृतज्ञता पर बार-बार आभार भी जताने लगे। सीएम ने दानीराम के बच्चों से भी बात कर उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। देवरी के क्वारंटाइन सेंटर में दानीराम पत्नी किरण, बेटी पायल और बेटे हुमेंद्र के साथ 26 मई से ठहरे हुए हैं।
मुख्यमंत्री बघेल साथ ऑनलाइन रूबरू हुए प्रवासी श्रमिक दानीराम
दानीराम गुजरात में काम करते हैं। शुक्रवार का दिन उनके लिए नई खुशियां लेकर आया, जब प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल उनसे ऑनलाइन रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने जैसे ही बातें शुरू कीं, दानीराम अवाक उन्हें देखते ही रह गए। सीएम ने उनके स्वास्थ्य, क्वारंटाइन सेंटर की व्यवस्था और सुविधाओं के बारे में पूछा। दानीराम ने सभी के सकुशल होने की जानकारी देते हुए सेंटर की व्यवस्था से संतोष जताया।
दानीराम गुजरात में सर्जिकल रूई बनाने का काम करते थे
दानीराम ने बताया कि परिवार समेत गुजरात के साबरकाठा जिले में रहते थे। वहां सर्जिकल रूई बनाने का काम करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कार्य वे गुजरात में कर रहे थे, वह कार्य यहां मिल जाए तो क्या करना चाहेंगे? इस पर दानीराम खुश होकर कहा- जरूर करेंगे।
क्वारंटाइन सेंटर में भोजन, चिकित्सा की अच्छी व्यवस्था है- दानीराम
दानीराम ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर में भोजन, चिकित्सा सहित बच्चों के खेलने के लिए खिलौने आदि की अच्छी व्यवस्था है। अधिकारी, डॉक्टर, कोटवार नियमित रूप से आते रहते हैं। दानीराम ने परिवार के सदस्यों का मुख्यमंत्री ने परिचय कराया। सीएम ने दानीराम की पत्नी किरण से भी बात की।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से की छत्तीसगढ़ी में बात
मुख्यमंत्री ने दानीराम के बच्चों पायल और हुमेंद्र से सहजता के साथ छत्तीसगढ़ी में बात की। पायल ने बताया कि वह पहली कक्षा में पढ़ती है। दोनों बच्चों ने हाथ जोड़कर सीएम को नमस्ते कहा। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि अब यहीं स्कूल में भर्ती होकर पढ़ना।
सरपंच ने रखी पुल निर्माण की मांग
मुख्यमंत्री ने सरपंच सचिन ठाकुर से चर्चा कर व्यवस्था जानी। सरपंच ने गांव में पुल निर्माण की मांग की, जिससे धान खरीदी केंद्र जाने के लिए छह किलोमीटर की दूरी तय ना करनी पड़े। सीएम ने तत्काल कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य से चर्चा कर देवरी-दोनर के बीच तीन करोड़ की लागत से पुल निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।