चीनी सेना ने दो सालों में 1025 बार किया भारतीय सीमा का उल्लंघन, संसद में पेश हुए आंकड़े
रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि 2016 से 2018 के बीच चीन की सेना ने 1025 बार भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण किया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। 2016 से 2018 के बीच चीन की सेना ने 1025 बार भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण किया। रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक ने बुधवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। नाइक ने कहा कि 2016 में चीन की सेना ने भारतीय क्षेत्र में 273 बार अतिक्रमण किया जो 2017 में बढ़कर 423 हो गए। 2018 में ऐसे मामलों की संख्या 326 थी।
उन्होंने कहा कि भारत इस बात को सुनिश्चित करने के उपाय कर रहा है कि रक्षा बल अभियानगत एवं सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहे।नाइक ने कहा कि 2019 में चीन की सेना द्वारा अतिक्रमण किए जाने की घटनाओं की संख्या के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत एवं चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा को पारस्परिक ढंग से सीमांकित नहीं किया गया है। कई ऐसे क्षेत्र हैं जिनके बारे में दोनों पक्षों की भिन्न धारणाएं हैं। भारत और चीन के बीच 3448 किमी लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर विवाद है।