लखीमपुर मामले पर सरकार की घेरेबंदी को तैयार विपक्ष, छत्तीसगढ़ और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने की निंदा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) जाएंगे। उप्र विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव पर्यवेक्षक बनाए जाने के बाद यह उनकी पहली यात्रा होगी। बघेल ने बताया कि वह लखीमपुर में दिवंगत किसानों के स्वजन और घायलों से मिलेंगे।
नई दिल्ली, जागरण टीम। किसान आंदोलन को लेकर भाजपा पर हमलावर रहे विपक्षी दलों ने इस घटना के बाद सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी पीड़ित किसानों से मिलने के लिए सोमवार को अपनी पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ लखीमपुर खीरी जाएंगे। राहुल गांधी के भी लखीमपुर खीरी जाने की संभावना जताई जा रही है। बसपा अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र को मौके पर जाने के लिए कहा है। आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने घटना की सीबीआइ जांच कराने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि 'कृषि कानूनों का शांतिपूर्ण विरोध कर रहे किसानों को भाजपा सरकार के गृह राज्य मंत्री के पुत्र द्वारा गाड़ी से रौंदना घोर अमानवीय और क्रूर कृत्य है। उप्र दंभी भाजपाइयों का जुल्म अब और नहीं सहेगा। यही हाल रहा तो उप्र में भाजपाई न गाड़ी से चल पाएंगे, न उतर पाएंगे।'
भाजपा सरकार की तानाशाही व क्रूरता उजागर : मायावती
मायावती ने ट्वीट किया, 'यह भाजपा सरकार की तानाशाही व क्रूरता को दर्शाता है जो कि इनका असली चेहरा भी है।' एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'इस घटना के संबंध में भी पीडि़तों को सरकार से उचित मुआवजा मिलने की उम्मीद नहीं है। इसलिए माननीय सुप्रीम कोर्ट इस दुखद घटना का स्वयं ही संज्ञान ले, बीएसपी की यह मांग।'
किसान भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रात 9.15 बजे लखनऊ पहुंच गईं। उन्होंने ट्वीट के जरिये सरकार पर निशाना साधा। यह कहते हुए कि 'भाजपा देश के किसानों से कितनी नफरत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएंगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे? बहुत हो चुका। यह किसान का देश है, भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं है। किसान सत्याग्रह मजबूत होगा और किसान की आवाज और बुलंद होगी।'
दोषियों को सख्त सजा मिले : केजरीवाल
आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'लखीमपुर में प्रदर्शन कर रहे किसानों को गाड़ी से कुचलना ¨हसक और अन्यायपूर्ण है। मारे गए किसानों के आत्मा को प्रभु शांति प्रदान करें। दुख की इस घड़ी में किसान भाइयों के साथ हूं। ऐसा अपराध करने वाले दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।' पार्टी के उप्र प्रभारी संजय ¨सह ने घटना की सीबीआइ जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और मृत किसानों के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
भूपेश आज जाएंगे लखीमपुर, पीडि़त किसानों से करेंगे भेंट
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) जाएंगे। उप्र विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव पर्यवेक्षक बनाए जाने के बाद यह उनकी पहली यात्रा होगी। बघेल ने बताया कि वह लखीमपुर में दिवंगत किसानों के स्वजन और घायलों से मिलेंगे।