बंगाल में एक लाख रुपये से अधिक हुआ मुख्यमंत्री का वेतन, जानें मंत्री और विधायकों का हाल
कैबिनेट में शामिल मंत्रियों का दैनिक वेतन प्रति दिन दो हजार से बढ़ा कर तीन हजार कर दिया गया है जबकि विधायकों का दैनिक वेतन 1500 से बढ़ा कर 2000 कर दिया गया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। बंगाल में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट में शामिल मंत्रियों, राज्य मंत्रियों व विधायकों के वेतन में बढ़ोतरी की गई है। वेतन में हुई नई बढ़ोतरी के बाद जहां मुख्यमंत्री का वेतन एक लाख रुपये के पार पहुंच गया है, वहीं मंत्री व विधायक भी अधिक पीछे नहीं हैं। दैनिक वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की है।
अब मुख्यमंत्री का वेतन 90 हजार से बढ़कर 1,17,001 हो गया है तो वहीं, कैबिनेट मंत्रियों का वेतन 90 हजार से बढ़ कर 1,12,000 हो गया है। राज्य मंत्रियों व विधायकों का वेतन भी बढ़ा दिया गया है। इसकी घोषणा शुक्रवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट में शामिल मंत्रियों का दैनिक वेतन प्रति दिन दो हजार से बढ़ा कर तीन हजार कर दिया गया है, जबकि विधायकों का दैनिक वेतन 1500 से बढ़ा कर 2000 कर दिया गया है। बेसिक पे में भी परिवर्तन किया गया है। मुख्यमंत्री का बेसिक वेतन अब 27,001 रुपये किया गया है, जबकि कैबिनेट मंत्रियों का 22,000 और राज्य मंत्रियों का 21,900 जबकि विधायकों का बेसिक 21,870 रुपये कर दिया गया है।
गौरतलब है कि विधानसभा सत्र चलने के दौरान प्रत्येक विधायक को उपस्थिति के एवज में अतिरिक्त दैनिक वेतन मिलता है। वाममोर्चा के शासनकाल में यह दैनिक 750 रुपये था, जिसे 2011 में तृणमूल की सरकार में बढ़ा कर एक हजार रुपये किया गया था। अब यह 2000 कर दिया गया है।