छत्तीसगढ़: संख्या बल में कम, लेकिन संपत्ति और अपराध में कांग्रसी आगे
छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में 67 विधायक हैं करोड़पति, नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव 565 करोड़ के मालिक।
रायपुर (संजीत कुमार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में भले ही कांग्रेसी संख्या बल में कम हैं, लेकिन संपत्ति के मामले में भाजपा से आगे हैं। अकेले नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव की संपत्ति विधानसभा के बाकी सदस्यों की कुल संपत्ति पर भारी है। राज परिवार से आने वाले टीएस सिंहदेव 565 करोड़ के मालिक हैं। कांग्रेस पार्टी के विधायक अपराध के मामले में भी आगे हैं।
2013 में निर्वाचन आयोग में दाखिल किए गए चुनावी शपथपत्र के अनुसार, कुल 14 विधायकों ने स्वयं के खिलाफ अपराध दर्ज होने की जानकारी दी थी। जिनमें से आठ प्रकरण कांग्रेसियों पर दर्ज हैं। कुल मुकदमों में से आठ गंभीर धाराओं के हैं, इनमें से छह कांग्रेसियों पर ही दर्ज है। जनप्रतिनिधियों पर दर्ज आपराधिक मामलों में पहले नंबर पर हैं कोरबा से कांग्रेस विधायक जयसिंह। उन पर विभिन्न थानों में सबसे ज्यादा आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। कांग्रेस के ही ब्रहस्तप सिंह पर चार, सियाराम कौशिक पर तीन केस थे। इसी पार्टी के भूपेश बघेल व अमित जोगी ने दो-दो प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी थी। वहीं, वनमंत्री महेश गागड़ा व भाजपा विधायक संतोष उपाध्याय ने एक-एक गंभीर प्रकरण होने की जानकारी दी थी।
पढ़ाई- लिखाई में डब्बा गोल :
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के चार-चार विधायक पोस्ट ग्रेजुएट के साथ प्रोफेशनल डिग्रीधारी हैं। भाजपा के 49 में से 35 फीसद विधायक पोस्ट ग्रेजुएट और 12 फीसद ग्रेजुएट हैं। वहीं, कांग्रेस के 39 में से 33 फीसद पोस्ट ग्रेजुटए और 18 फीसद ग्रेजुएट हैं। भाजपा के नौ विधायक 12वीं, 10 दसवीं, दो आठवीं व एक पांचवीं पास हैं। वहीं कांग्रेस में छह 12वीं और 10वीं पास हैं। आठवीं और पांचवीं पास विधायकों की संख्या दो-दो है। पार्टी के तीन विधायक केवल साक्षर हैं।
रमन मंत्रिमंडल में आठवीं से पोस्ट ग्रेजुएट तक
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह , मंत्री अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल, प्रेम प्रकाश पांडेय, केदार कश्यप व रामसेवक पैकरा पोस्ट ग्रेजुएट हैं। अमर अग्रवाल, रमशीला साहू और महेश गागड़ा ग्रेजुएट हैं। राजेश मूणत,पुन्नूलाल मोहले 12 वीं पास हैं तो दयालदास आठवीं पढ़े हुए हैं।
विधानसभा का मौजूदा गणित
कुल विधायक | 90 |
भाजपा | 49 |
कांग्रेस | 39 |
बसपा | 01 |
निर्दलीय | 01 |
आपराधिक लेखा-जोखा
- 16 फीसद का है आपराधिक रिकॉर्ड
- 08 फीसद के खिलाफ गंभीर आरोप
- अपराधिक मामले : 14 में से 8 कांग्रेसी व 6 भाजपाई
- गंभीर अपराध : 08 में दो भाजपाई व 6 कांग्रेसी
संपत्ति का हिसाब
- 565 करोड़ की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं टीएस सिंहदेव
- 11-11 करोड़ के मालिक हैं कांग्रेसी विधायक गौरी और गुमुख
- 8 करोड़ की संपत्ति है अजय, श्रीचंद, भूपेश और मोती लाल के पास
- 5 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह
- 9 भाजपा विधायकों के पास दो करोड़ या उससे अधिक की संपत्ति है
- 14 विधायक ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ या उससे अधिक है
- 6 कांग्रेस विधायकों की संपत्ति दो करोड़ या उससे अधिक है
- 12 विधायक एक करोड़ या उससे अधिक के मालिक हैं