16 भ्रष्ट IAS अफसरों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी, 36 CBI अधिकारियों के खिलाफ दर्ज हुईं शिकायतें
सदन में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2016-2019 के बीच दो आइपीएस व 15 आइएफएस अधिकारियों के खिलाफ भी अभियोजन की अनुमति दी गई
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्र सरकार ने पिछले तीन वर्षो के दौरान 16 आइएएस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। कार्मिक मंत्रालय के राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को राज्यसभा में दिए गए लिखित जवाब में बताया कि 36 सीबीआइ अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें भी दर्ज कई गईं।
राज्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षो में भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्तता के कारण दो आइएएस अधिकारियों को ड्यूटी से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-2019 के बीच दो आइपीएस व 15 आइएफएस अधिकारियों के खिलाफ भी अभियोजन की अनुमति दी गई।
एक अन्य सवाल के जवाब में जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा को बताया, 'सीबीआइ के पास अपने अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों एवं आंतरिक सतर्कता मामलों के निपटारे के लिए मजबूत तंत्र है। 2016 से 31 मई 2019 के बीच 36 अधिकारियों एवं अन्य के खिलाफ 10 प्राथमिक जांच एवं 20 नियमित मामले दर्ज किए गए हैं।'
उन्होंने कहा कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2016 से दो जुलाई 2019 के बीच छह अधिकारियों (दो शिकायतों में सीबीआइ अधिकारी के नामों का उल्लेख नहीं) की संलिप्तता वाली सात शिकायतों का संज्ञान लिया गया। सीवीसी ने इन शिकायतों को सीबीआइ के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीसी) के पास जांच एवं रिपोर्ट के लिए भेज दिया है।