लंबे इंतजार के बाद कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने अपने छह महीने पुरानी गठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया गया है।
बेंगलुरु,पीटीआइ। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने अपने छह महीने पुरानी गठबंधन सरकार में शनिवार शाम लंबे इंतजार के बाद मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया है। इस विस्तार के बाद गठबंधन सहयोगी कांग्रेस से आठ सदस्यों को कैबिनेट में शामिल हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर दो मंत्री रमेश जारकीहोली (नगर प्रशासन) और आर शंकर (वन और पर्यावरण) को इससे बाहर कर दिया गया है।
नए मंत्रियों को कड़ी सुरक्षा के बीच राज्यपाल वजुभाई वाला ने राजभवन के ग्लास हाउस में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें सतीश जारकीहोली, एम बी पाटिल, सी एस शिवल्ली, एम टी बी नागराज, ई तुकाराम, पी टी परमेश्वर नाइक, रहीम खान और आर बी थिमापुर शामिल हैं, जिनमें से सात उत्तर कर्नाटक से हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य के नेताओं और कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी के सी वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद शुक्रवार को इसकी मंजूरी दे दी थी। आगे रमेश जारकीहोली, जो कथित रूप से भाजपा नेताओं के साथ संपर्क रखते थे व कैबिनेट और पार्टी बैठकों में भाग नहीं ले रहे थे, उनका स्थान उनके भाई सतीश जारकीहोली ने ले ली है।