Move to Jagran APP

By-Election Results 2021 Winners List: बंगाल में ममता मैजिक बरकरार; बिहार की दोनों सीटों पर जदयू की जीत, जानें- कौन कहां जीता

By-Elections 2021 Winner LISTलोकसभा की तीन सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा कांग्रेस और शिवसेना ने एक-एक सीट जीती। बंगाल में ममता मैजिक बरकरार है तृणमूल ने चारों सीटें जीतीं। बिहार की दोनों विधानसभा सीटों पर जदयू की जीत।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 02 Nov 2021 04:42 PM (IST)Updated: Tue, 02 Nov 2021 10:46 PM (IST)
By-Election Results 2021 Winners List:  बंगाल में ममता मैजिक बरकरार; बिहार की दोनों सीटों पर जदयू की जीत, जानें- कौन कहां जीता
3 लोकसभा व 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए है। (फाइल फोटो)

जेएनएन, नई दिल्ली। मंगलवार को 13 राज्यों में लोकसभा की तीन और विधानसभा की 29 सीटों के लिए उपचुनाव के परिणाम आ गए। परिणाम सभी दलों के लिए मिले जुले रहे। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने चारों सीटें जीती हैं, मध्य प्रदेश में दो सीटों पर भाजपा और एक पर कांग्रेस जीती है। हिमाचल में तीनों विस सीट और एक लोकसभा सीट भी कांग्रेस जीती है। राजस्थान की भी दो विस सीटों के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में गए हैं। बिहार में दोनों सीटें जदयू ने जीती हैं। हरियाणा की एक मात्र सीट पर हुए विस चुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल के अभय सिंह चौटाला ने बाजी मारी है।

loksabha election banner

मंगलवार को तीन लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम भी आए। इसमें हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से कांग्रेस ने जीती, मप्र की खंडवा सीट भाजपा ने। दादरा और नगर हवेली की लोकसभा सीट शिवसेना के कलाबेन देलकर ने भाजपा के महेश गावित को हराकर जीती है। मिजोरम की तुइरियल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार के लालडावंगलियाना को जीत हासिल हुई है। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाले मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस ने सभी तीन सीटें जीत ली हैं।

कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा ने सिंदगी और कांग्रेस ने हंगल सीट जीती है। महाराष्ट्र की देलगुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार जीतेश रावसाहेब अनंतपुरकर ने जीत ली है। तेलंगाना की हुजूराबाद सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मंत्री इटाला राजेंद्र ने जीती है।

बंगाल में भाजपा तृणमूल के सामने चारों खाने चित

पिछले बंगाल विधानसभा (विस) चुनाव में बहुमत की हैट्रिक के बाद उपचुनावों में भी ममता मैजिक बरकरार है। तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल की चार विधानसभा सीटों दिनहाटा, शांतिपुर, खड़दह और गोसाबा में बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इनमें से दो सीटें दिनहाटा और शांतिपुर तृणमूल ने महज छह महीने के अंदर भाजपा से छीन ली है। शांतिपुर को छोड़कर बाकी तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।

हिमाचल में भाजपा को बड़ा झटका

मंडी लोकसभा व अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं। जुब्बल-कोटखाई से कांग्रेस के रोहित ठाकुर, अर्की में कांग्रेस के संजय अवस्थी और फतेहपुर में कांग्रेस के भवानी पठानिया चुनाव जीते। मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह जीतीं।

बिहार में दोनों सीटों पर जदयू का कब्जा

बिहार में कुशेश्वरस्थान व तारापुर में हुए विधानसभा उपचुनाव में जदयू का कब्जा बरकरार रहा। जदयू ने चौथी बार दोनों सीटें जीत लीं। कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए समर्थित जदयू के प्रत्याशी अमन भूषण हजारी ने राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार गणेश भारती को हरा दिया। तारापुर विधानसभा उपचुनाव में भी जदयू अपनी सीट बचाने में सफल रहा। उपचुनाव में उम्मीदवार बदलने के बाद भी यह सीट जदयू के पाले में गई। एनडीए के उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने राजद के उम्मीदवार अरुण कुमार साह को हराया।

असम में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन पांचों सीटों पर जीता

असम में जिन पांच विधानसभा सीटों पर उप चुनाव कराया गया था, वे सभी सीटें भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने जीत ली है। इनमें भाजपा को तीन सीटें मिली हैं, जबकि इसकी सहयोगी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) को तीन। भाजपा के फणि तालुकदार, रूपज्योति कुर्मी और सुशांत बोरगोहेन ने क्रमश: भबानीपुर, मरियानी और थोवरा सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। यूपीपीएल उम्मीदवारों में गोसाईगांव से जीरोन बासुमतारी और तमालपुर से जोलेन दाईमरी ने जीत हासिल की है।

मध्य प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत

मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा को बड़ी बढ़त मिल गई है। काउंटिंग के आंकड़े देखें, तो पृथ्वीपुर और जोबट सीटें भाजपा ने कांग्रेस से छीन ली हैं। वहीं, भाजपा की सीट रही रैगांव पर कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। इस तरह एमपी में भाजपा को एक सीट का फायदा होता दिखाई दे रहा है।

राजस्थान में कांग्रेस ने दोनों सीट जीतीं

राजस्थान के धरियावद में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां अपने ही गढ़ में भाजपा तीसरे नंबर पर रही है। वल्लभनगर में भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है।

हरियाणा में ऐलनाबाद सीट पर अभय चौटाला की जीत

हरियाणा की ऐलनाबाद सीट पर इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ने कांग्रेस उम्मीदवार पवन बेनीवाल और भाजपा-जेपी उम्मीदवार गोविंद कांडा को हरा दिया है। यह सीट अभय के ही इस्तीफा देने से खाली हुई थी।

कर्नाटक में भाजपा और कांग्रेस ने 1-1 सीट जीती

कर्नाटक की सिंदगी विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि हंगल सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली है। यहां भाजपा दूसरे नंबर पर रही है।

आंध्र प्रदेश की बडवेल सीट पर वायएसआरसी जीती

आंध्र प्रदेश की बडवेल सीट पर सत्ताधारी वायएसआर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। उनके उम्मीदवार ने यहां 90 हजार से ज्यादा वोट से जीत हासिल की है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.