MP By Election 2020: बसपा ने तीसरी सूची में मलहरा को छोड़कर नौ सीटों के लिए प्रत्याशी किए घोषित
बसपा ने बुधवार को तीसरी सूची में मलहरा को छोड़कर नौ सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए। नेपानगर से भल सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। वे 2013 में भी चुनाव लड़ चुके हैं। अनूपपुर से सुशील सिंह परस्ते को प्रत्याशी बनाया गया है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए होने जा रहे उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के साथ बसपा भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने बुधवार को तीसरी सूची में मलहरा को छोड़कर नौ सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए। नेपानगर से भल सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। वे 2013 में भी चुनाव लड़ चुके हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल ने बताया कि मलहरा सीट के लिए प्रत्याशी भी जल्द घोषित कर दिया जाएगा। तीसरी सूची में दिमनी से राजेंद्र सिंह कंषाना, सुमावली से राहुल डंडौतिया, अशोकनगर से स्ट्रोम बिलिन भंडारी, मुंगावली से डॉ.वीरेंद्र शर्मा, हाटपीपल्या से राजेश नागर, बदनावर से ओमप्रकाश मालवीय, सुरखी से गोपाल प्रसाद अहिरवार और अनूपपुर से सुशील सिंह परस्ते को प्रत्याशी बनाया गया है।
भाजपा ने घोषित किए सभी 28 उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार देर रात सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर आए सभी 22 पूर्व विधायकों को टिकट दिया गया है। इन पूर्व विधायकों के विधानसभा से इस्तीफे के बाद ही कमल नाथ सरकार अल्पमत में आई थी।
सत्ता परिवर्तन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि कांग्रेस छोड़ने वाले सभी पूर्व विधायकों को भाजपा चुनाव लड़ाएगी। पार्टी ने उन तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट दिया है, जिन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली है। इसमें मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी, मांधाता से नारायण पटेल और नेपानगर से सुमित्रा देवी कास्डेकर शामिल हैं। वहीं, तीन विधायकों के निधन से रिक्त हुई सीटों पर भी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें जौरा से पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजोधा, आगर से मनोज ऊंटवाल और ब्यावरा से नारायण सिंह पवार पर भाजपा ने दांव लगाया है।
कांग्रेस ने घोषित किए 4 और उम्मीदवार
इसी बीच, मंगलवार को ही कांग्रेस ने चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए। इसी के साथ कांग्रेस ने भी अब तक 27 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। मुरैना से राकेश मावई और मलहरा से रामसिया भारती चुनाव ल़़डेंगी, वहीं बदनावर से पूर्व में घोषित प्रत्याशी अभिषेक सिंह की जगह अब कमल पटेल चुनाव लड़ेंगे। केवल ब्यावरा सीट पर निर्णय होना है।