स्वच्छता पर दिए गए विवादित बयान को लेकर भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा को लगाई फटकार
BJP Pulls Up Pragya Thakur स्वच्छता पर दिए गए विवादित बयान के मामले में भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा (Pragya Singh Thakur) से नाराजगी जताई है।
नई दिल्ली, एजेंसी। स्वच्छता पर दिए गए विवादित बयान के मामले में भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा (Pragya Singh Thakur) से नाराजगी जताई है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने साध्वी प्रज्ञा की टिप्पणियों अस्वीकार्य बताते हुए उन्हें ऐसे विवादित बयानों से दूर रहने की हिदायत दी। सूत्रों की मानें तो इस बयान को लेकर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा ने साध्वी को तलब किया था।
बता दें कि अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में रहने वाली भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर (Pragya Singh Thakur) ने मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सीहोर (Sehore) में कहा था कि हम नाली साफ करवाने के लिए सांसद नहीं बने हैं। आपका शौचालय साफ करवाने के लिए सांसद बिल्कुल नहीं बनाए गए हैं। हम जिस काम के लिए बनाए गए हैं, वह काम हम ईमानदारी से करेंगे।
बता दें कि प्रज्ञा पूरे चुनाव के दौरान अपने विवादित बोल के चलते चर्चा में रहीं। लोकसभा चुनावों के दौरान उन्होंने अयोध्या में ढांचा विध्वंस से लेकर नाथूराम गोडसे तक पर विवादित बयान दिए थे। साध्वी ने चुनाव प्रचार के दौरान मालवा में कहा था कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले लोग स्वयं के गिरेबान में झांक कर देखें। चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दे दिया जाएगा।
इस बयान को विपक्ष ने जोरशोर से उछाला था। यही नहीं इसे लेकर साध्वी को भाजपा नेतृत्व की ओर से भी कड़ी नाराजगी का सामना करना पड़ा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा था कि साध्वी ने भले ही इस मामले में मांफी मांग ली हो वह प्रज्ञा को कभी भी मन से माफ नहीं करेंगे। बता दें कि लोकसभा चुनाव में साध्वी प्रज्ञा ने भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्गज नेता और दो बार के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह को हराया था। साध्वी प्रज्ञा 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट कांड में आरोपी हैं, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।