जानिए, राहुल गांधी के किस बयान के खिलाफ भाजपा लाएगी विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव
दरअसल, राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दबाव में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने राफेल डील को लेकर देश से झूठ बोला है।
नई दिल्ली [ जागरण ब्यूरो ]। राफेल के जरिए मोदी सरकार को घेरने की कोशिश में जुटे राहुल गांधी को अब खुद जवाब देना पड़ सकता है। फ्रांस की ओर से भी राहुल की गलतबयानी को सार्वजनिक करने के बाद आक्रामक भाजपा उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएगी। राफेल खरीद के मामले में सीधे प्रधानमत्री पर आरोप लगाकर जब राहुल अपनी पीठ थपथपा रहे थे।
उसी वक्त भाजपा ने राहुल को कठघरे में खड़ा करने का फैसला कर लिया था। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस अध्यक्ष के पास जानकारी का अभाव है और वह अपरिपक्व हैं। कुमार ने कहा कि भाजपा इस गलतबयानी और संसद को गुमराह करने के लिये राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश करेंगे।
मंत्री ने कहा कि सदन के नियमों के अनुसार, राहुल गांधी को किसी सदस्य के खिलाफ आरोप लगाने से पहले नोटिस देना होता है। उन्हें स्पीकर को पर्याप्त सामग्री देनी चाहिए। बाद में भाजपा सांसद प्रहलाद जोशी ने राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दे दिया।प्रहलाद जोशी ने आरोप लगाया कांग्रेस अध्यक्ष का बयान प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री की छवि खराब करने के लिए दिया गया है।
बता दे कि इस सबके बाद देर शाम तक फ्रांस ने राफेल पर रखी गयी गोपनीयता के बारे में स्पष्ट करते हुए राहुल द्वारा कही बात को खारिज कर दिया है। जिसके बाद भाजपा सांसदों ने इसको मुद्दा बनाते हुए राहुल से माफी की मांग की। विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पर लोकसभा अध्यक्ष फैसला करती हैं।