लखीमपुर खीरी मामले पर भाजपा ने निशाना साधा, कहा- किसान आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस और सपा
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भाजपा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस और सपा किसानों के आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रही हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भाजपा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस और सपा किसानों के आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रही हैं। भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में सपा कार्यकर्ता शामिल थे। इस घटना में चार किसानों सहित कुल आठ लोगों की मौत हुई है।
अमित मालवीय का दावा, हिंसा में शामिल थे सपा के कार्यकर्ता
इस घटना में मारे गए एक व्यक्ति के रिश्तेदारों की ओर से दायर शिकायत की तस्वीर साझा करते हुए मालवीय ने दावा किया कि हिंसा में सपा के कार्यकर्ता शामिल थे, जिन्हें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव किसान नेता बता रहे हैं। उन्होंने कहा, आंदोलन के नाम पर सपा और कांग्रेस राजनीति कर रही हैं।
लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश करने वाले विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा महासचिव बीएल संतोष ने कहा कि कट्टरवाद की ओर बढ़ रही कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा खतरनाक मिसाल पेश की जा रही है। संतोष ने सवाल किया कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री इस समय लखीमपुर खीरी जाना चाहते हैं। क्या होगा यदि कल को अन्य पार्टियों के मुख्यमंत्री प्रत्येक हिंसक घटना पर कांग्रेस शासित राज्यों का दौरा करने लगें?
संबित पात्रा ने कहा, अपने राज्यों में किसानों को लेकर आंखें मूंद लेती है कांग्रेस
समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जिन राज्यों में वह सत्ता में है, वहां पर किसानों के साथ अन्याय होता है तो वह आंखें मूंद लेती है। दूसरी तरफ अन्य राज्यों में वह अराजकता फैला रही है। यह दुखद है और ऐसा नहीं होना चाहिए। पात्रा ने कहा कि राजस्थान के हनुमानगढ़ में सोमवार को ही जब किसान धान खरीद की मांग करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे थे तो उन पर लाठियां चलाई गई। राजस्थान में किसकी सरकार है? वहां तो कांग्रेस सत्ता में है।