भाजपा ने साधा पूर्व पीएम पर निशाना, कहा- मनमोहन याद करें अपने काल का भ्रष्टाचार
भाजपा नेता सांबित पात्रा ने सवाल किया कि दिग्विजय सिंह को कैसे मालूम कि पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिये जासूसी करने वालों में मुसलमान कितने हैं और हिंदू कितने हैं?
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश की आर्थिक स्थिति को चिंताजनक बता रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को 'कठपुतली' करार देते हुए भाजपा ने याद दिलाया कि उनके काल में परिवारवाद और भ्रष्टाचार चरम पर था। अनिर्णयता के कारण आर्थिक स्थिति डवांडोल थी। जबकि अब वैश्विक सुस्ती के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था न सिर्फ मजबूत हुई है बल्कि विश्वसनीयता भी कायम हुई है।
रविवार को मनमोहन ने कहा था कि आर्थिक हालात 'बेहद चिंताजनक' हैं और यह नरमी मोदी सरकार के तमाम कुप्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने कहा था कि पहली तिमाही में 5 फीसदी की जीडीपी वृद्धि दर दर्शाती है कि हम लंबे समय तक बने रहने वाली आर्थिक नरमी के दौर में है।
देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवे स्थान पर
जवाब भाजपा प्रवक्ता सांबित पात्रा की ओर से आया। पात्रा ने कहा कि मनमोहन सिंह को जिन लोगों ने पर्दे के पीछे से निर्देशित किया, उससे अर्थव्यवस्था को सिर्फ नुकसान ही पहुंचा। सरकार की उपलब्धि बताते हुए पात्रा ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवे स्थान पर पहुंच गई है और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल में जो घोषणाएं की हैं, उनसे अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बैंकों के विलय की घोषणा के साथ आने वाले पांच वर्षो में आधारभूत संरचना क्षेत्र में 100 लाख करोड़ रूपये का निवेश तथा आटोमोबाइल क्षेत्र का भी ध्यान रखा गया है।
वहीं दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के विवादित आईएसआई वाले बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पलटवार किया। भाजपा ने सोमवार को उनके बयान को निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की है।
दिग्विजय सिंह पर भाजपा का हमला
दिग्विजय सिंह पर सीधा हमला करते हुए भाजपा नेता पात्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह कोई साधारण नेता नहीं हैं और वो कांग्रेस के नवरत्नों में से एक हैं। पात्रा ने कांग्रेस नेता सिंह को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के बयान पाकिस्तान को ऑक्सीजन देने का काम कर रहे हैं। वह पाकिस्तान के चैनलों की सुर्खियों में आता है और इमरान खान इनके बयान को भारत के खिलाफ इस्तेमाल करते है।
उन्होंने सवाल किया कि दिग्विजय सिंह को कैसे मालूम हुआ कि पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिये जासूसी करने वालों में मुसलमान कितने हैं और हिंदू कितने हैं?
भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी
पात्रा ने कांग्रेस को याद दिलाया कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से घृणा करते-करते लक्ष्मण रेखा लांघ जाते हैं। दिग्विजय सिंह पर हमला करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि, जाकिर नाइक शांति दूत है और हम सब जासूस हैं?
उल्लेखनीय है कि एक कथित वीडियो में बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह को यह कहते दिखाया गया है कि भाजपा के आईएसआई के साथ संबंध हैं। बाद में सिंह ने कहा है कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है।