भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- 'रोडपति से करोड़पति' बनने का क्या फार्मूला है?
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा आरोप लगाया कि वाड्रा को संप्रग सरकार के दौरान 2008-09 में पेट्रोलियम और रक्षा सौदों में रिश्वत मिला। रोडपति से करोड़पति बनने का क्या फार्मूला है?
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा ने बुधवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूछताछ किए जाने को लेकर कांग्रेस और इसके अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव भ्रष्ट लोगों के 'गैंग' और नरेंद्र मोदी की पारदर्शी सरकार के बीच है।
पात्रा ने आरोप लगाया कि वाड्रा को संप्रग सरकार के दौरान 2008-09 में पेट्रोलियम और रक्षा सौदों में रिश्वत मिला। उन्होंने कहा कि वे वाड्रा से पूछना चाहते हैं कि 'रोडपति से करोड़पति' बनने का क्या फार्मूला है?
उन्होंने संवाददाताओं के सामने दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रिश्तेदार वाड्रा ने इस धन का उपयोग लंदन में कई करोड़ रुपये की आठ से नौ संपत्ति खरीदने में किया।
भाजपा प्रवक्ता ने ई-मेल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वाड्रा की कंपनी को ऐसी अनेक कंपनियों से रिश्वत मिली, जिन्हें कालेधन को सफेद करने के लिए बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार कांग्रेस का कोर एजेंडा है।