आंध्र के सीएम जगन के इस फैसले पर BJP ने साधा निशाना,कहा - सार्वजनिक धन का कर रहे दुरुपयोग
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी के राज्य में पंचायत की इमारतों को पार्टी के रंग में रंगने के फैसले की भाजपा ने आलोचना की है।
अमरावती, एएनआइ। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी के राज्य में पंचायत की इमारतों को पार्टी के रंग में रंगने के फैसले की भाजपा ने आलोचना की है। भाजपा के प्रवाक्ता लंका दिनाकरन ने शुक्रवार को जगन सरकार के इस फैसले की निंदा की और इसे सार्वजनिक धन का दुरुपयोग बताया।
पार्टी के धन का इस्तेमाल करें
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के झंडे के रंगों की तरह इमारतों को रंगने का कार्य क्या जनता के पैसे का दुरुपयोग नहीं है? सरकारी खजाने से धन का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है? अगर वे ऐसा करना ही चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए पार्टी के धन का इस्तेमाल करें।
क्या है विवाद
जगन सरकार 2 अक्टूबर से सभी गांवों में सचिवालय शुरू करने की योजना बना रही है। पार्टी का दावा है कि ये पंचायतों का एक आधुनिक संस्करण होगा, जहां सभी सरकारी सेवाओं का लाभ मिलेंगी। हालांकि, जगन सरकार इन्हें पार्टी के झंडे के रंग में रंगने के फैसला कर के विवादों में घिर गई है। भाजपा ने इसी कदम को लेकर जगन पर निशाना साधा है।
मुख्यमंत्री की एक तस्वीर प्रदर्शित करने का आदेश
गौरतलब है कि पिछले दिनों सरकारी आदेश के माध्यम से इसका आदेश दिया गया था। यह आदेश पंचायत राज और ग्रामीण विकास आयुक्त, एम. गिरिजा शंकर द्वारा जारी किया गया था। यही नहीं इसमें ग्राम सचिवालयों में मुख्यमंत्री की एक तस्वीर प्रदर्शित करने के आदेश का भी उल्लेख है।
सार्वजनिक धन का इस्तेमाल जनता के लिए होना चाहिए
दिनाकर ने आगे कहा, 'वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने के लिए अधिकांश क्षेत्रीय दल इस तरह के कदम उठाते हैं। इससे पहले टीडीपी ने यह कोशिश की थी। भाजपा इस तरह की गतिविधियों की कड़ी निंदा करती है। सार्वजनिक धन का इस्तेमाल जनता के भलाई के लिए किया जाना चाहिए। इसका इस्तेमाल पार्टी को व्यक्तिगत हित के लिए नहीं करना चाहिए।'