भाजपा ने शेयर किया पीएम मोदी का वीडियो, बताया शेरों के तेवर नहीं बदलते
एयर स्ट्राइक के बाद से भाजपा राष्ट्रवाद के मुद्दे को भुनाने की कोशिश में जुट गई है। इस प्रयास में भाजपा के आधिकारिक ट्विटर से एक वीडियो पोस्ट किया है।
नई दिल्ली जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 की तारीखों की घोषणा के बाद सारे राजनीतिक दल कमर कस चुके हैं। माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए सोशल मीडिया का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। एयर स्ट्राइक के बाद से भाजपा राष्ट्रवाद के मुद्दे को भुनाने की कोशिश में जुट गई है। इस प्रयास में भाजपा के आधिकारिक ट्विटर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो पोस्ट किया है।
ये भी पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी राजकोट व अमित शाह गांधीनगर से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव
शेरों के तेवर नहीं बदलते
वीडियो को 'शेरों के तेवर नहीं बदलते' के कैप्शन के साथ ट्वीट किया है। इस पोस्ट में दो क्लिप को मिलाकर एक वीडियो बनाया गया है। पहले क्लिप 24 जनवरी 1992 की है। जिसमें नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर भाषण दे रहे हैं। दूसरी क्लिप 4 मार्च 2019 की है। पहले क्लिप में पीएम मोदी आतंकवादियों को ललकार रहे हैं, जबकि दूसरी क्लिप में पीएम आतकियों से बदला लेने की बात कर रहे हैं। दूसरी क्लिप पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद का है।
1992 में लाल चौक पर फहराया था तिंरगा
साल 1992 में लालचौक पर पहली बार कश्मीर में अलगाववादियों और मुख्यधारा की सियासत करने वाले राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना था। तब भारतीय जनता पार्टी ने एक यात्रा निकालने की घोषणा की थी। इस यात्रा का नाम एकता यात्रा रखा गया था। इसमें नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी के साथ कन्याकुमारी से लाल चौक तक की यात्रा की थी। इसके बाद 26 जनवरी को लाल चौक पर तिरंगा फहराते हुए इस यात्रा का समापन किया था।