विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

BJP ने उपचुनावों के लिए घोषित किए उम्मीदवारों के नाम, वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी के खिलाफ इन्हें दिया टिकट

By Agency Edited By: Sachin Pandey
Published: Sat, 19 Oct 2024 08:22 PM (IST)Updated: Sat, 19 Oct 2024 08:27 PM (IST)

BJP Candidates List भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ कई राज्यों में उपचुनाव के लिए भी कमर कस ली ...और पढ़ें

भाजपा ने कई राज्यों के उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। (File Image)
भाजपा ने कई राज्यों के उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। (File Image)

HighLights

  1. वायनाड लोकसभा समेत कई राज्यों की विधानसभा उपचुनाव के लिए घोषित किए प्रत्याशी।
  2. वायनाड से नव्या हरिदास को बनाया उम्मीदवार, कांग्रेस की प्रियंका गांधी से होगा मुकाबला।

एएनआई, नई दिल्ली। भाजपा ने उपचुनावों के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव के साथ-साथ असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के विधानसभा उपचुनावों के लिए भी उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

वायनाड से भाजपा ने नव्या हरिदास को मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा से होगा। गौरतलब है कि राहुल गांधी के सीट छोड़ने के बाद यह खाली हुई थी, जहां से पार्टी ने प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाने की घोषणा की थी।

इसके अलावा भाजपा ने बिहार की तरारी सीट से विशाल प्रशांत, रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। राजस्थान की झुंझनू से राजेंद्र भांबू और रामगढ़ से सुखवंत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने और भी कई सीटों के लिए उम्मीदवार की घोषणा की है।

बंगाल में छह विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने बंगाल में 13 नवंबर को होने वाले छह विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए शनिवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। जिन छह सीटों पर उपचुनाव होना है, उसमें उत्तर 24 परगना जिले की नैहाटी व हरोआ, पश्चिम मेदिनीपुर जिले की मेदिनीपुर, बांकुड़ा जिले की तालडांगरा, अलीपुरद्वार की मादारीहाट और कूचबिहार जिले की सिताई शामिल है।

भाजपा ने सिताई (सुरक्षित) सीट से दीपक कुमार राय जबकि मदारीहाट (सुरक्षित) सीट से राहुल लोहार को उतारा है। नैहाटी सीट से रूपक मित्रा, हरोआ सीट से बिमल दास, मेदिनीपुर से सुभजित राय जबकि तालडांगरा सीट से अनन्या राय चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। छह में से एक सीट तालडांगरा से पार्टी ने महिला उम्मीदवार को टिकट दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने बंगाल के साथ अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनाव के लिए एक साथ प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।

प्रियंका 23 को करेंगी नामांकन

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपने राजनीतिक जीवन के पहले चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को केरल की वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन करेंगी। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी इस मौके पर अपनी बहन के साथ मौजूद रहेंगे। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की सेहत ने इजाजत दी तो वे भी बेटी के नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगी।

इसके साथ ही पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं की फौज और कांग्रेस के कुछ मुख्यमंत्रियों के भी इस दौरान वायनाड में रहने की संभावनाएं हैं। वानयाड उपचुनाव की घोषणा के चंद घंटों के भीतर ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रियंका को पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने का एलान कर दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में दो सीटों वायनाड़ और राय बरेली से जीते राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ तत्काल छोड़ दी थी।

भूस्खलन की वजह से उपचुनाव में हुई देरी

वायनाड सीट से अपने इस्तीफे के वक्त ही राहुल गांधी ने साफ कर दिया था कि वे रायबरेली का प्रतिनिधित्व करेंगे और प्रियंका वायनाड के चुनावी मैदान में उतर कर यहां के लोगों के दुख-दर्द की साझेदार बनेंगी। वायनाड उपचुनाव में कुछ महीने की देरी वहां आए भीषण भूस्खलन की वजह से हुई है।