भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरों पर बोला हमला, पूछा - गुप्त दौरों का राज
भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि उनके विदेशी दौरों का राज क्या है और वह किस गोपनीय मिशन पर विदेशों का बारबार दौरा करते हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि उनके विदेशी दौरों का राज क्या है और वह किस गोपनीय मिशन पर विदेशों का बारबार दौरा करते हैं। क्या वह किसी गुप्त मिशन में लगे हैं।
पांच साल में 16 बार विदेश यात्राएं
भाजपा प्रवक्ता जीवी एल नरसिंह राव ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी के लगातार विदेश दौरे जनहित के विषय हैं, क्योंकि वह जनप्रतिनिधि हैं। राव ने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने पिछले पांच साल में 16 बार विदेश यात्राएं की हैं जो उनके संसदीय क्षेत्र रहे उत्तर प्रदेश के अमेठी के उनके दौरों से अधिक है। भाजपा प्रवक्ता ने यहां पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, 'यह भी एक वजह है कि अमेठी ने उन्हें नकार दिया। उनकी 16 विदेश यात्राओं में से नौ का गंतव्य स्थान ही नहीं पता।'
विदेश यात्राओं के बारे में कोई सूचना नहीं मिली
संसद में एक मंत्री के बयान का उल्लेख करते हुए राव ने कहा कि संसद सदस्यों को अपने विदेश दौरों के बारे में संसद को अग्रिम सूचना देनी चाहिए, भले ही यात्राएं विशुद्ध रूप से निजी हों। राव ने दावा किया कि लोकसभा सचिवालय को राहुल की तरफ से उनकी विदेश यात्राओं के बारे में कोई भी सूचना नहीं मिली।
विदेश दौरे के खर्च पर उठाया सवाल
भाजपा नेता ने विदेश यात्राओं पर होने वाले अत्यधिक खर्च की ओर इशारा करते हुए सवाल किया कि गांधी की विदेश यात्राओं में हवाई टिकट, पांच सितारा होटलों में उनके ठहरने से लेकर अन्य खर्च कौन उठाता है। बता दें कि राहुल गांधी इस साल लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले अमेठी संसदीय क्षेत्र से चुनाव हार गए थे। वह केरल के वायनाड से लोकसभा पहुंचे हैं।
पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए समय नहीं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी हमला बोला। मालवीय ने ट्वीट किया कि यह बहुत ही शर्म की बात है कि राहुल गांधी के पास सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए समय नहीं है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं। इससे पहले भी नेहरू गांधी परिवार ने भारत निर्माण में योगदान देने वालों का कई बार अपमानित किया गया।