भाजपा के नवनियुक्त राज्य प्रभारियों को युवाओं तक पहुंच बढ़ाने का 'नवीन' मंत्र, हर वर्ग से संवाद करने पर जोर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई।

भाजपा के नवनियुक्त राज्य प्रभारियों को युवाओं तक पहुंच बढ़ाने का 'नवीन' मंत्र
HighLights
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नवनियुक्त प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की पहली बैठक की अध्यक्षता की
हर वर्ग से संवाद करने पर जोर; 'देशसेवा, संगठन विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य करें कार्यकर्ता'
पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस उच्चस्तरीय बैठक में संगठन को और अधिक धारदार बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर गहन विचार-विमर्श किया गया। संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रभारियों को अपने राज्यों में अधिक समय बिताने और कार्यकर्ताओं विशेषकर युवाओं से सीधे संवाद करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि पार्टी का हर कार्यकर्ता देशसेवा और संगठन विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य करे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे बिना समय गंवाए अपने-अपने राज्यों का दौरा करें। वहां पहुंचकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की समस्याओं को सुनें तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने और संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक की सह-अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने की। इसमें राम माधव, बैजयंत जय पांडा, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े और तरुण चुग सहित कई दिग्गज नेता और सांसद उपस्थित रहे। सभी नेताओं को यह सीख दी गई कि वे व्यक्तिगत प्राथमिकताओं से ऊपर उठकर केवल और केवल 'संगठन' के हित में कार्य करें।
बैठक के बाद अपने विचार साझा करते हुए केंद्रीय नेता स्मृति ईरानी ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि बैठक में संगठन को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वहीं, विनोद तावड़े ने विश्वास जताया कि इस विचार-विमर्श से मिले मार्गदर्शन प्रभारियों के आगामी कार्यों को नई गति और दिशा देंगे। इस बैठक ने साफ कर दिया है कि भाजपा आने वाले दिनों में और अधिक जन-जुड़ाव और अनुशासित रूप के साथ आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
