विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंडी गठबंधन की रैली से पहले भाजपा अलर्ट, अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय मंत्रियों संग की हाई-लेवल बैठक

Published: Fri, 30 Oct 2026 03:59 AM (IST)

भाजपा मुख्यालय में हुई इन बैठकों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, किरेन रिजीजू, अश्विनी वैष्णव मनसुख मांडविया ...और पढ़ें

भाजपा अध्यक्ष की वरिष्ठ पार्टी नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक

भाजपा अध्यक्ष की वरिष्ठ पार्टी नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक

HighLights

  1. विपक्ष के अभियान का मुकाबला करने के लिए रणनीति पर चर्चा

  2. आधिकारिक तौर पर नहीं दी गई बैठक के बारे में कोई जानकारी

पीटीआई, नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन आईएनडीआए की रैली और चुनावी प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं पर विपक्ष के लगातार अभियान का मुकाबला करने की रणनीति पर चर्चा के लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी महासचिवों और कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठकें कीं।

भाजपा मुख्यालय में हुई इन बैठकों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, किरेन रिजीजू, अश्विनी वैष्णव मनसुख मांडविया के अलावा और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने भी हिस्सा लिया।

बैठकों में क्या चर्चा हुई, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि इनमें एसआइआर के विरुद्ध विपक्ष के लगातार अभियान और उसका मुकाबला करने की पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि विपक्ष के विमर्श का जवाब देने के लिए भाजपा ने पहले ही देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, बैठकों में पार्टी की राज्य इकाइयों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके तहत केंद्रीय मंत्री अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न राज्यों में पदयात्राओं का नेतृत्व करेंगे।

एक सूत्र ने कहा कि भाजपा इंटरनेट मीडिया और डिजिटल मंचों का प्रभावी इस्तेमाल करेगी और लोगों के सामने तथ्य रखकर विपक्ष के झूठ का मुकाबला करने के लिए इन्फ्लुएंसरों को भी मैदान में उतारेगी। नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ अलग बैठक की अध्यक्षता की।

इसमें संगठन से जुड़े विभिन्न मामलों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक में राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति और प्रचार गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के युवा मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी हिस्सा लिया। यह बैठक पार्टी मुख्यालय में अलग से हुई। नवीन ने हाल में मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों की नियुक्ति की थी।