Move to Jagran APP

कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन अपवित्र, कर्नाटक में मिला भाजपा को जनादेश: शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक के जनादेश को भाजपा के पक्ष में बताते हुए जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन को अपवित्र करार दिया है।

By Monika MinalEdited By: Published: Mon, 21 May 2018 04:16 PM (IST)Updated: Mon, 21 May 2018 08:49 PM (IST)
कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन अपवित्र, कर्नाटक में मिला भाजपा को जनादेश: शाह
कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन अपवित्र, कर्नाटक में मिला भाजपा को जनादेश: शाह

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस-जेडीएस सरकार बनने के पहले ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उस पर बड़ा हमला बोला है। शाह ने कर्नाटक के जनादेश को भाजपा के पक्ष में बताते हुए जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन को अपवित्र करार दिया है। विधायकों के अभी तक होटल में कैद होने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार के बनने के पहले ही अस्थिर होने की निशानी है।

loksabha election banner

भाजपा पर खरीद-फरोख्त के आरोपों का जवाब देते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस ने तो पूरा अस्तबल ही बेच दिया। अमित शाह ने कर्नाटक के जनादेश को खंडित बताने के दावे को भी खारिज कर दिया। उनका कहना है कि कर्नाटक में जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है। संख्या बल में उसके सात विधायक ही कम हैं और 13 सीटों पर उसकी हार नोटा को मिले वोटों से कम वोटों से हुई है।

शाह ने आरोप लगाया कि यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि बहुमत पाए बिना ही भाजपा सरकार बनाने की कोशिश कर रही थी। उनके अनुसार इस तरह के कई दुष्प्रचार फैलाये गए। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को प्रभावित करने लिए एक विधायक की पत्नी को फोन का टेप भी जारी किया गया, लेकिन अब उस विधायक ने साफ कर दिया है कि उसकी पत्नी के पास ऐसा कोई टेप नहीं आया था। शाह ने दावा किया कि यदि विधायकों को बंधक बनाकर नहीं रखा जाता, तो वे स्वाभाविक रूप से येद्दयुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा को मिले जनादेश का समर्थन करते।

अमित शाह ने कर्नाटक में सरकार बनाने पर कांग्रेस और जेडीएस के नेताओं के जश्न पर तंज कसते हुए कहा कि क्या कांग्रेस 122 से घटकर 78 सीटें और जेडीएस 40 से घटकर 37 सीटें रह जाने का जश्न मना रही है। हालत यह है कि जेडीएस की 80 फीसदी सीटों पर जमानत जब्त हो गई है।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि उसने हार में जीत ढूंढने का नया तरीका बनाया है। उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशियों की भारी हार होती है, लेकिन वह सपा के जीत का जश्न मनाने लगती है। कांग्रेस इस बात को लेकर खुश है कि लोकसभा के उपचुनावों में भाजपा के नौ प्रत्याशियों की हार हुई, लेकिन वह भूल जाती है कि इस दौरान कांग्रेस की 14 राज्यों में हार हुई है। कोई भी बता सकता है कि 14 राज्यों की हार बड़ी होती है या नौ लोकसभा की हार बड़ी होती है।

एक सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस मुक्त हो चुका है और उसने जेडीएस का मुख्यमंत्री स्वीकार कर लिया है। कर्नाटक के बाद 2019 के लिए भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता को लेकर बड़े दावों की हवा निकालते हुए अमित शाह ने कहा कि जिन विपक्षी दलों की एकता की बात की जा रही है, वो पहले भी भाजपा के खिलाफ ही लड़े थे। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी कर्नाटक में, अखिलेश यादव मध्यप्रदेश में, कांग्रेस पश्चिम बंगाल में विपक्षी एकता में क्या योगदान दे पाएंगे।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए शाह ने कहा, ‘हमारे पास अधिकार था इसलिए हमने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। गोवा और मणिपुर में कांग्रेस ने पहले सरकार बनाने का दावा नहीं किया था। कांग्रेसी आराम कर रहे थे तब हमने दावा किया। हम अगर खरीद-फरोख्त करते तो क्या ऐसा हाल होता।'

कर्नाटक चुनाव के नतीजों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘मत प्रतिशत के हिसाब से हम आगे हैं और 40 से 104 सीटें जीतकर भाजपा बड़ी पार्टी बन गई है।‘ कांग्रेस से उन्होंने इस बात की सफाई मांगी कि वे बताएं कि किस बात को लेकर जश्न मना रहे हैं, क्‍या कांग्रेस सीट घटने का जश्न मना रही है। कांग्रेस 122 से घटकर 78 पर आ गई और जश्न मना रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.