स्वाइन फ्लू की चपेट में अमित शाह, दिल्ली एम्स में चल रहा है इलाज
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को स्वाइन फ्लू से पीड़ित हो गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। स्वाइन फ्लू देश के कई राज्यों में अपना कहर बरपा रहा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी इसकी चपेट में आ गए हैं। अमित शाह ने बुधवार रात ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी है। उनका इलाज दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा है।
एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया की देखरेख में डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है।शाह ने ट्वीट कर बताया, 'मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है... जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।'
एम्स से जुड़े सूत्रों के अनुसार भाजपा अध्यक्ष को सीने में जलन और सांस लेने की समस्याओं की शिकायत के बाद यहां भर्ती कराया गया है। शाह बुधवार रात 9.12 बजे एम्स के वॉर्ड नंबर 301 में भर्ती किया गया। रात करीब 10 बजे रेल मंत्री पीयूष गोयल उनसे मिलने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह सहित देश के गणमान्य लोगों ने अमित शाह के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है।
पिछले कुछ दिनों से केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद भी एम्स में भर्ती हैं। उन्हें भी बुखार, सांस लेने में तकलीफ और सीने में परेशानी के कारण एम्स में भर्ती किया गया था। एम्स का कहना है कि उनके स्वास्थ्य में सुधार है और जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।