भाजपा नेता ने कहा- पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू से बदला ले रहे हैं जगन मोहन रेड्डी
भाजपा के राज्यसभा सांसद सुजाना चौधरी ने आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया है। जगन राज्य के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू से बदला ले रहे हैं।
विशाखापत्तनम, एएनआइ। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुजाना चौधरी ने आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जगन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से बदला ले रहे हैं। वे इसके लिए अपनी शक्तियों का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने जगन को ऐसा न करनी की हिदायत देते हुए उन्हें सरकार चलाने और लोगों की समस्या सुलझाने के लिए काम करना चाहिए।
नायडू के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी को छोड़ देनी चाहिए
भाजपा नेता ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि विपक्षी पार्टी के नेता चंद्रबाबू नायडू से बदला लेने के लिए जगन अपनी शक्ति का उपयोग कर रहे हैं। उन्हें तेदेपा प्रमुख के साथ अपनी व्यक्तिगत दुश्मनी को छोड़ देनी चाहिए और राज्य की सरकार चलाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी कर रही सरकार
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश इस समय बाढ़ की चपेट में है। राज्य में कृष्णा और गोदवरी नदी उफान पर है। राज्य कि पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, गुंटूर और कृष्णा जिलों के कई गांव भारी वर्षा के बाद बाढ़ की चपेट में हैं। इसे लेकर भी सुजाना चौधरी ने जगन पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी कर रही है।
राहत और बचाव कार्य को लेकर आलोचना
उन्होंने राहत और बचाव कार्य को लेकर जगन सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार को बाढ़ नियंत्रण और राहत उपाय कैसे लागू करे ये नहीं पता।
नायडू को एनडीए न छोड़ने दी थी सलाह
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुजाना चौधरी ने कहा कि उन्होंने चंद्र बाबू नायडू को एनडीए न छोड़ने के लिए सलाह दी थी, लेकिन वे नहीं माने और उन्होंने एनडीए से नाता तोड़ लिया। गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में तेदेपा एनडीए से अलग हो गई थी। चंद्रबाबू नायडू काफी समय से आंध्र प्रदेश के लिए मोदी सरकार से विशेष राज्य के दर्जे की मांग कर रहे थे। मांग थी कि आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जे के तहत केंद्रीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए, जिसका वादा राज्य में से काटकर नया राज्य तेलंगाना गठित करते हुए किया गया था। इस वजह से नायडू मोदी सरकार से नाराज थे और अंत में उन्होंने खुद को गठबंधन से अलग कर लिया।