भाजपा सांसद का दावा, आंध्र के लिए चार राजधानियों की योजना बना रहे जगन मोहन रेड्डी
सांसद टीजी वेंकटेश ने दावा किया कि सीएम जगन रेड्डी राज्य के सभी क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित करना चाहते हैं। इसलिए उनहोंने चार राजधानी बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
अमरावती, आइएएनएस। आंध्र प्रदेश के भविष्य पर जारी हंगामे को एक नया मोड़ देते हुए भाजपा सांसद ने कहा है कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी चार राजधानियां बना सकते हैं। राज्यसभा सदस्य टीजी वेंकटेश ने दावा किया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार एक ही जगह हर चीज का विकास नहीं कर सकती है। इसकी जगह राज्य के चार विभिन्न क्षेत्रों में राजधानियों को विकेंद्रित कर सकती है।
वेंकटेश ने कहा कि जगन रेड्डी ने नई दिल्ली में भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ अपने प्रस्ताव पर चर्चा की है। सांसद ने कहा कि उन्हें भाजपा के एक नेता से पता चला है कि मुख्यमंत्री चार राजधानियां बनाएंगे।
हाल ही में टीडीपी से भाजपा में शामिल हुए वेंकटेश ने दावा किया कि जगन रेड्डी सभी क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित करना चाहते हैं। इसलिए उनहोंने प्रस्ताव तैयार किया है। रायलसीमा क्षेत्र के कर्नूल निवासी सांसद ने दावा किया कि एक राजधानी उनके क्षेत्र में होगी।
उन्होंने कहा कि एक समय मंत्रियों और YSRCP नेताओं के परस्पर विरोधी बयान ने भ्रम पैदा कर दिया था कि क्या अमरावती से राजधानी दूसरी जगह ले जाई जाएगी। जबसे YSRCP सत्ता में आई है तब से सभी काम रुके हुए हैं।
इसे भी पढ़ें: भाजपा नेता ने कहा- पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू से बदला ले रहे हैं जगन मोहन रेड्डी