मध्य प्रदेश की गुना सीट से सिंधिया को हराने वाले भाजपा सांसद केपी सिंह पर धोखाधड़ी का केस
मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराकर सांसद बनने वाले भाजपा नेता केपी यादव (KP Yadav) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पढ़ें रिपोर्ट..
भोपाल, पीटीआइ। मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराकर सांसद बनने वाले भाजपा नेता केपी यादव (KP Yadav) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केपी यादव और उनके बेटे सार्थक यादव पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआइ ने पुलिस के हवाले से बताया है कि दोनों पर नॉन-क्रीमी लेयर ओबीसी प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए अपनी आमदनी के बारे में गलत जानकारी देने का आरोप है।
केपी यादव और उनके बेटे सार्थक यादव के खिलाफ अशोकनगर कोतवाली (Police Station Ashoknagar) में देर रात को केस दर्ज किया गया। इसके बाद मुंगावली थाने में विभिन्न धारों में केस दर्ज किया गया है। हालांकि, प्रशासन ने दोनों का जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया है। सांसद केपी यादव ( KP Yadav ) और उनके बेटे सार्थक यादव के खिलाफ धारा 420, 120 बी, 181, 182 के तहत केस दर्ज किया गया है।
भाजपा सांसद केपी यादव ( KP Yadav) के खिलाफ दर्ज शिकायत में कहा गया है कि साल 2014 में यादव ने अपने बेटे को आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए कथित तौर पर वार्षिक आय क्रीमी लेयर आठ लाख रुपए से कम बताई थी। रिपोर्टों में कहा गया है कि जांच में यादव की वार्षिक आय आठ लाख रुपए से ज्यादा पाई गई। इस आधार पर सार्थक यादव और उनके पिता केपी सिंह यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया। साथ ही दोनों का जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया गया है। मालूम हो कि आरक्षण का लाभ आठ लाख रुपए से आय कम होने पर ही प्रमाण पत्र मिलने के बाद मिलता है। हालांकि सांसद की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।