महात्मा गांधी पर बयान को लेकर हेगड़े बोले- राष्ट्रपिता के खिलाफ कुछ नहीं कहा, झूठी हैं मीडिया रिपोर्ट्स
भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन को ड्रामा बताए जाने पर काफी हंगामा हो रहा है। इसी बीच हेगड़े ने कहा कि सभी संबंधित मीडिया रिपोर्टें झूठी हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन को 'ड्रामा' बताए जाने पर काफी हंगामा हो रहा है। इसी बीच हेगड़े ने कहा ' उन्होंने कभी भी राष्ट्रपिता के खिलाफ कुछ नहीं कहा सभी संबंधित मीडिया रिपोर्टें झूठी हैं, जिसपर बहस हो रही है वह बात मैंने कभी नहीं कही है। यह एक अनावश्यक विवाद है। बता दें कि भाजपा आलाकमान हेगड़े के बयान से नाखुश है। उसने हेगड़े से इसे लेकर बिना शर्त माफी मांगने को कहा है।
समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए हेगड़े ने कहा,'1 फरवरी, 2020 को बेंगलुरु में दिया गया मेरा अपना बयान है और मैं इसपर कायम हूं। मैंने कभी किसी राजनीतिक दल या महात्मा गांधी या किसी और के लिए कोई संदर्भ नहीं दिया। मैं सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम को वर्गीकृत करने की कोशिश कर रहा था।'
चर्चा से हैरान हूं- हेगड़े
समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए हेगड़े ने आगे कहा 'मैं इसपर हो रही चर्चा से हैरान हूं। मैं उस चीज के बारे में क्या कह सकता हूं जो वहां नहीं है? बिना किसी बात के हंगामा हो रहा है। मेरा बयान सार्वजनिक मंच पर उपलब्ध है। यदि कोई देखना चाहता है, तो यह ऑनलाइन और मेरी वेबसाइट पर उपलब्ध है। मुझे दिखाओ कि क्या मैंने महात्मा गांधी, नेहरू और किसी भी अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ कुछ भी कहा है।'
अनावश्यक उपद्रव पैदा किया गया - हेगड़े
भाजपा नेता ने यह भी कहा 'यह कार्यक्रम वीर सावरकर पर था। हमारे सभी स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के साथ, मैं सिर्फ हमारे स्वतंत्रता संग्राम पर चर्चा कर रहा था, स्वतंत्रता संग्राम या सेनानियों पर कोई भ्रम या कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं हुई है। अनावश्यक उपद्रव पैदा किया गया है।'
मामले को नड्डा देखेंगे- नलिन कुमार कटील
इससे पहले कर्नाटक भाजपा के प्रमुख नलिन कुमार कटील ने मंगलवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा महात्मा गांधी पर अनंत कुमार हेगड़े की टिप्पणी से संबंधित मामले को देखेंगे। कटील ने यह बात नई दिल्ली में हेगड़े के आवास से बहर निकलते हुए कही।