विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखती है कांग्रेस, हत्या पर मनाती है शोक'; भाजपा नेता नकवी का विपक्ष पर बड़ा हमला

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Sun, 13 Apr 2025 05:40 AM (IST)Updated: Sun, 13 Apr 2025 07:03 AM (IST)

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के आरोपित तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया ...और पढ़ें

नकवी ने कांग्रेस पर आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया (फोटो- एक्स)
नकवी ने कांग्रेस पर आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. नकवी ने कांग्रेस पर आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया
  2. नकवी बोले मोदी सरकार आतंकवाद के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाए हुए

 आइएएनएस, नई दिल्ली। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के आरोपित तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया।

बाटला हाउस मुठभेड़ के बाद एक शीर्ष कांग्रेस नेता आंसू बहाने लगे थे

नकवी ने कहा कि मुझे आश्चर्य है कि कुछ कांग्रेसी नेता आतंकियों की हत्या पर शोक व्यक्त करते हैं। आपको याद होगा कि जब ओसामा बिन लादेन को मारा गया था, तब एक कांग्रेसी नेता ने उसकी प्रशंसा की थी। बाटला हाउस मुठभेड़ के बाद एक शीर्ष कांग्रेस नेता आंसू बहाने लगे थे। यानी उनका आतंकवाद के साथ संबंध एक प्रकार की नरम सहानुभूति का है।

मोदी सरकार आतंकवाद के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाए हुए- नकवी

उन्होंने विपक्ष के उन प्रयासों की भी आलोचना की जोकि राणा के प्रत्यर्पण को राजनीतिक उद्देश्यों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है और मोदी सरकार आतंकवाद के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाए हुए है। मोदी सरकार देश के हित में कार्य कर रही है। अब हर सप्ताह आतंकी हमले नहीं होते हैं। यह मजबूत नेतृत्व का परिणाम है।

गुजरात से होगी कांग्रेस में आंतरिक बदलाव की शुरुआत

कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के समाप्त होने के बाद पार्टी में बड़े पैमाने पर बदलाव की शुरुआत राहुल गांधी गुजरात के मोडासा से करेंगे। कांग्रेस ने नए जिलाध्यक्षों के चयन के लिए पांच-पांच निरीक्षकों की नियुक्ति कर दी है। कांग्रेस ने पार्टी को मजबूत करने के लिए जिलाध्यक्षों को ज्यादा अधिकार देने के साथ ही इनके चयन का काम केंद्रीय व प्रादेशिक निरीक्षकों को सौंप दिया है।

कांग्रेस ने 183 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की

गुजरात के 33 जिले व 10 महानगरों के अध्यक्षों के चयन के लिए कांग्रेस ने 183 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। हर जिले में राज्य से चार तथा एक राष्ट्रीय पर्यवेक्षक की टीम होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि उत्तर गुजरात के मोडासा में 15 अप्रैल को राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी की एक कार्यशाला आयोजित होगी।

मोडासा में निरीक्षकों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम होगा

इसके अगले दिन मोडासा में निरीक्षकों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम होगा। जिलाध्यक्षों के लिए 50 वर्ष की उम्र की सीमा तय की गई है। स्वच्छ छवि व निष्पक्ष नेता को प्राथमिकता दी जाएगी। उधर, युवक कांग्रेस ने राज्य में डॉ. आंबेडकर की जयंती से जय भीम जय संविधान अभियान चलाने की घोषणा की है। राष्ट्रीय अधिवेशन से कांग्रेस सरदार पटेल को बतौर कांग्रेस नेता बताने के साथ ही उनकी विरासत पर पार्टी का हक जताने का प्रयास कर रही है।

भाजपा ने भी कसी कमर

कांग्रेस के रुख को देखते हुए भाजपा ने भी कमर कस ली है। भाजपा बीते कुछ दशकों से देश के नवनिर्माण में सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनको अपना राजनीतिक आदर्श बताती रही है। वह कांग्रेस पर सरदार पटेल की उपेक्षा का आरोप भी लगाती रही है। गुजरात भाजपा की ओर से राज्य में 14 अप्रैल को सभी बूथ व आबेडकर प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।

पार्टी के महासचिव ने बताया कि इससे पहले 13 अप्रैल को गुजरात में लगी डा. आंबेडकर की सभी प्रतिमाओं को स्वच्छ किया जाएगा। इसके बाद 15 से 25 अप्रैल तक राज्यभर में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर डा. आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक में जाति जनगणना रिपोर्ट पेश, पिछड़ा वर्ग आरक्षण बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने की सिफारिश