लोकसभा की 90 नई सीटें जीतने की तैयारी में भाजपा
इसी रणनीति के तहत पिछली बार अमेठी में राहुल गांधी को कड़ी टक्कर देने वाली भाजपा अगले चुनाव में रायबरेली में भी पूरी ताकत से उतरेगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली : राजग सरकार को पटखनी देने के लिए विपक्ष की गठजोड़ की कोशिशों और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलों के बीच भाजपा नई रणनीति के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस बार भाजपा ऐसी 90 नई सीटें भी जीतेगी, जो वह पिछले लोकसभा चुनाव में हार गई थी।
इसी रणनीति के तहत पिछली बार अमेठी में राहुल गांधी को कड़ी टक्कर देने वाली भाजपा अगले चुनाव में रायबरेली में भी पूरी ताकत से उतरेगी। सोनिया गांधी की तगड़ी घेरेबंदी करेगी। स्थानीय कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर 2019 में सोनिया के सामने मजबूत उम्मीदवार खड़ा करने की रणनीति बनेगी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को रायबरेली जा रहे हैं। इसे भी 2019 की तैयारियों से ही जोड़कर देखा जा रहा है।
अमेठी और रायबरेली को लेकर तैयारियों से साफ संकेत है कि भाजपा हर सीट पर पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। अमित शाह कई बार कह चुके हैं कि 2019 की जीत 2014 से भी बड़ी होगी। उसी रणनीति के तहत उन्होंने उन 120 सीटों पर भी बहुत पहले से तैयारी शुरू कर दी है, जो भाजपा हार गई थी। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु पर विशेष फोकस रखा गया है। शाह ने केंद्रीय मंत्रियों व वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच सीटों का बंटवारा भी कर दिया है।
इस आवंटन को सात-आठ महीने का वक्त गुजर चुका है। मंत्रियो के कई दौरे हो चुके हैं, कार्यकर्ताओं का संवाद कार्यक्रम चल रहा है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, भाजपा जीती हुई कुछ सीटें हार सकती है, लेकिन हारी हुई 120 सीटों में 90 नई सीटें जीत भी सकती है। उक्त नेता ने फिर से दावा किया कि भाजपा बहुमत से ज्यादा सीटें जीतेगी।