भाजपा ने राहुल गांधी को दी सीधी बहस की चुनौती, कहा- किसानों के हित में केरल में क्यों नहीं कर रहे आंदोलन
भाजपा ने राहुल गांधी को किसान के हित में किये गए कामों पर बहस की चुनौती दी है। सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर जहां इस मुद्दे को लेकर खुली बहस को तैयार हैं वहीं कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर के अनुसार कांग्रेस का रवैया हमेशा किसान विरोधी रहा है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। भाजपा ने राहुल गांधी को किसान के हित में किये गए कामों पर बहस की चुनौती दी है। सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर जहां इस मुद्दे को लेकर खुली बहस को तैयार हैं, वहीं कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर के अनुसार सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस का रवैया हमेशा किसान विरोधी रहा है। उधर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी को राहुल को चिरव्यथित नेता बताते हुए कहा कि उनकी आदत निराधार आरोप लगाने की रही है। उन्होंने राहुल के आरोपों का बिंदुवार करारा जवाब भी दिया है।
केरल में तो मंडी कानून है ही नहीं
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल को केरल से सांसद होने की याद दिलाते हुए कहा कि केरल में तो मंडी कानून ही नहीं है। लेकिन राहुल वहां किसानों के हित में मंडी कानून लागू करने की मांग नहीं कर रहे हैं। सरकार पर बड़े उद्योगपतियों के साथ काम करने के आरोप जवाब देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि नेस्ले और पेप्सिको कई दशक से पंजाब में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल को साफ-साफ बताना होगा कि इन बड़ी-बड़ी कंपनियों से पंजाब के किसानों को लाभ हो रहा है या नुकसान? यदि पंजाब के किसानों को इससे लाभ हो रहा है, तो देश के दूसरे किसानों को इसका लाभ क्यों नहीं मिले।
किसानों के कंधे पर बंदूक रख राजनीति कर रही कांग्रेस : जावडेकर
किसान आंदोलन के समर्थकों पर देशद्रोह के आरोप का जवाब देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि देश के सबसे बड़े किसान नेता चौधरी चरण सिंह पर देशद्रोह का केस दर्ज कर जेल भेजने का काम कांग्रेस के शासन में हुआ था। उन्होंने किसानों से कांग्रेस और उसके नेताओं की फितरत पहचानने की अपील की। कृषिमंत्री नरेंद्र तोमर के अनुसार सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस का रवैया हमेशा किसान विरोधी रहा है। राहुल गांधी की बातों पर कांग्रेस के लोग ही विश्वास नहीं करते हैं। मोदी सरकार को किसान विरोधी बताने और तीन कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए प्रकाश जावडेकर ने कहा कि आज साफ हो गया है कि किसान के कंधे पर बंदूक रख के कांग्रेस अपनी राजनीति कर रही है।
उनकी आदत निराधार आरोप लगाने की : त्रिवेदी
उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने किसानों को कभी लाभकारी मूल्य नहीं दिया, वह आज किसानों के हित की बात करने का ढोंग कर रही है। उनके अनुसार किसान की हमेशा से यह मांग रही है कि उसे लाभकारी मूल्य मिले, परंतु कांग्रेस ने इसे कभी नहीं दिया। मोदी सरकार ने स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशें लागू कीं, जिससे उन्हें अधिक एमएसपी मिलने लगा। कांग्रेस पर हमेशा किसानों को छलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में 53,000 करोड़ की कर्जमाफी की घोषणा की, जोकि सिर्फ बैंकों को मिला, किसानों को नहीं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने शुक्रवार को दिये जा रहे 18 हजार करोड़ रुपये के साथ किसानों को अब तक 1,20,000 करोड़ की सहायता दे चुकी है। अगले 10 साल में किसानों को कुल 7 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। सबसे बड़ी बात यह कि पैसा सीधे किसानों के खाते में जा रहा है। कर्जमाफी की तरह बैंक को नहीं दिया जा रहा है। कृषि सुधार कानूनों पर बहस के लिए संसद सत्र बुलाने की राहुल की मांग का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जब संसद चलती है, तो कांग्रेस नेता बहस में भाग लेने के बजाय उसे बाधित करने में जुट जाते हैं।